अंबाला सिटी। यूरिया की बढ़ती कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त रवैया अपनाए हुए है। किसानों को खाद के लिए दिक्कत न हो इसके लिए खाद विक्रेताओं की दुकानों पर स्टॉक इत्यादि जांचा जा रहा है, जहां भी गड़बड़ी मिल रही है वहां पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम कार्रवाई अमल में ला रही है।
बीते मंगलवार सीएम फ्लाइंग व कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश देते हुए तीन केंद्रों पर यूरिया व अन्य खाद का स्टॉक जांचा था जिसमें कालड़ा पेस्टीसाइड केंद्र में 199 बैग यूरिया, 27 एमओपी, एसएसपी 30, एनपीके 51 और डीएपी के सिर्फ 3 बैग ही मिले थे। जबकि पोस मशीन में स्टॉक अधिक दिखा रहा था। इसी प्रकार बलाना गांव और सुल्लर गांव में पैक्स केंद्र पर भी यूरिया के स्टॉक में गड़बड़ी पाई गई थी। इन तीनों केंद्रों का वीरवार को कृषि विभाग ने लाइसेंस निलंबित कर दिया। अब आगामी आदेश तक यह दुकानदार खाद बिक्री नहीं कर पाएंगे।
पैक्स केंद्रों पर भी मिली थी गड़बड़ी
टीम जब जांच के लिए सुल्लर के पैक्स केंद्र के प्रबंधक निशान सिंह का भी लाइसेंस निलंबित कर दिया है। जांच में टीम को केंद्र में यूरिया के 14 बैग पोस मशीन में मिले मगर गोदाम में यूरिया बैग की संख्या अधिक पाई गई थी, वहीं बलाना पैक्स केंद्र पर 414 बैग पोस मशीन में दिखाए गए थे मगर गोदाम में एक भी बैग नहीं पाया गया था। इसी आधार पर दोनों केंद्रों के लिए लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।