फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोलकाता-जम्मूतवी और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में एलएचबी तो प्रयागराज-उधमपुर में लगेगा एसी इकोनॉमी कोच

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला। छावनी जंक्शन से कोलकाता, प्रयागराज, उधमपुर और जम्मूतवी की तरफ जाने वाले यात्रियों का सफर अब पहले के मुकाबले काफी ज्यादा आरामदायक हो जाएगा। रेलवे ने त्योहारों को देखते हुए छावनी जंक्शन से निकलने वाली तीन लंबी दूरी की ट्रेनों में यह सुविधा देने की तैयारी की है। दो ट्रेन जहां लिंक हॉफमैन बुश (यानी एलएचबी) कोच के साथ चलेंगी, वहीं एक ट्रेन को नवनिर्मित एसी इकोनॉमी कोच के साथ चलाया जाएगा। नए कोच लगने से यात्रियों को सफर करने के लिए अतिरिक्त सीटें मिलेंगी और वो कंफर्म टिकट के सहारे गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
विज्ञापन

लंबी दूरी की ट्रेनों में लगाए जा रहे यह कोच काफी सुरक्षित हैं और तेज गति से भागने में भी सक्षम हैं। पुराने कोच के मुकाबले इनकी बनावट भी अधिक टिकाऊ व सुविधाजनक है। इनकी सीट भी पहले से कहीं ज्यादा आरामदायक है। इसे बार-बार ठीक करने की जरूरत भी नहीं है। रेलवे से प्राप्त जानकारी अनुसार ट्रेन नंबर 03151/03152 कोलकाता-जम्मूतवी-कोलकाता स्पेशल एलएचबी कोच से लैस हो जाएगी। रेलवे बोर्ड ने 11 अक्तूबर को कोलकाता से और 13 अक्तूबर को जम्मूतवी से इस ट्रेन को एलएचबी कोच से चलाने की घोषणा की है।
रेलवे ने कुछ समय पहले ही एक सितंबर से सप्ताह में चार दिन चल रही उक्त स्पेशल ट्रेन को प्रतिदिन चलाने की व्यवस्था की थी। साथ ही ट्रेन में पुराने कोच की जगह अत्याधुनिक एलएचबी कोच लगाने के निर्देश दिए थे। एलएचबी कोच में अपेक्षाकृत अधिक स्थान होने के कारण यात्रियों को सफर के दौरान काफी सहूलियत होगी, वहीं कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ स्पेशल ट्रेन भी जल्द ही एलएचबी कोच के साथ दौड़ेगी। कोरोना के बाद यह ट्रेन सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही चल रही है, जबकि संक्रमण काल से पहले ट्रेन का परिचालन प्रत्येक दिन होता था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार आने वाले दिनों में यह ट्रेन पहले की तरह प्रतिदिन चलेगी।
विज्ञापन

एलएचबी कोच की विशेषता
एलएचबी कोच की विशेषता यह है कि यह आरामदायक होने के साथ-साथ सुरक्षित भी हैं। पटरी से उतरने या दुर्घटनाग्रस्त होने पर कोच अलग-अलग नहीं होते। इसके अलावा कोच के अंदर जगह अधिक होती है। पुराने कोच में बैठने की क्षमता कम होती है। स्लीपर में 72 सीट और तृतीय एसी में 64 सीट होती हैं जबकि एलएचबी कोच में बैठने की क्षमता ज्यादा होती है। इसमें स्लीपर की 80 सीट और तृतीय एसी कोच में 72 सीट होती हैं।
एसी थ्री इकोनॉमी कोच के साथ चलेगी प्रयागराज-उधमपुर
प्रयागराज से उधमपुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन में भी एसी थ्री इकोनॉमी कोच लगने जा रहा है। 18 अक्तूबर से यह कोच ट्रेन नंबर 04141 प्रयागराज-उधमपुर एक्सप्रेस में लग जाएगा। ट्रेन का संचालन प्रयागराज से सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार और उधमपुर से मंगलवार व शनिवार को हो रहा है। बता दें कि एसी थ्री एलएचबी कोच में 72 सीट होती हैं, जबकि एसी इकोनॉमी कोच में सीट की संख्या 83 है। इसके अलावा इन कोचों को अधिकतम 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से भी दौड़ाया जा सकता है। बीच की और ऊपर वाली बर्थ पर चढ़ने के लिए एसी थ्री इकोनॉमी कोच में आरामदायक सीढ़ी की भी सुविधा है। टच फ्री बॉयो टॉयलेट के साथ इसकी प्रत्येक बर्थ में एसी की अलग से व्यवस्था है। इसके माध्यम से हर एक बर्थ पर एसी की ठंडी हवा का आनंद यात्रियों को मिलेगा।
यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी
रेलवे लगातार यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रहा है। त्योहारों को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, वहीं कुछ ट्रेनों में नए एलएचबी कोच व एसी इकोनॉमी कोच भी लगाए जा रहे हैं ताकि यात्रियों को सफर के लिए कंफर्म सीट मिल सके।
विज्ञापन

-दीपक कुमार, प्रवक्ता उत्तर रेलवे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें