अंबाला सिटी। राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रही योजना मिशन बुनियाद के तहत लेवल टू परीक्षा 30 जनवरी को करवाई जाएगी। बीते दिसंबर माह में लेवल वन परीक्षा करवाई गई थी। इस परीक्षा का परिणाम 20 जनवरी को जारी होगा। इसके बाद लेवल टू परीक्षा करवाने के लिए प्रक्रिया शुरू होगी। लेवल टू परीक्षा में जिले में चल रहे पांच केंद्रों के लिए करीब 250 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इन केंद्र पर विद्यार्थी मेडिकल व इंजीनियरिंग कोर्स की पढ़ाई के साथ नौंवी व दसवीं कक्षा की पढ़ाई भी करेंगे।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि लेवल वन परीक्षा का परिणाम आना है। इसके बाद लेवल टू परीक्षा करवाई जाएगी। लेवल टू परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी ही बैठेंगे। अंबाला में पांच राजकीय स्कूलों में मिशन बुनियाद केंद्र चल रहे हैं। इन केंद्र में विद्यार्थियों को नौंवी और दसवीं की पढ़ाई के साथ-साथ जेईई व नीट की प्रवेश परीक्षा को लेकर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण दो वर्ष के लिए ऑनलाइन दिया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को 4 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से केंद्र पर आने-जाने के लिए किराया भी मिलता है। हर केंद्र पर करीब 50 विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
इन पांच केंद्र पर करवाई जाएगी पढ़ाई
जिले में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल पुलिस लाइन, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल नारायणगढ़, राजकीय स्कूल बकरा मार्केट, शहजादपुर और बराड़ा में मिशन बुनियाद केंद्र पर पढ़ाई करवाई जा रही है। यह कार्यक्रम विकल्प फाउंडेशन के नेतृत्व में चल रहा है। इन केंद्र पर ऑनलाइन माध्यम से शिक्षक पढ़ाई करवाते हैं। नौंवी व दसवीं के साथ ही मेडिकल व इंजीनियरिंग की तैयारी भी विद्यार्थियों को करवाई जाती है।