अंबाला सिटी के बलदेव नगर थाने में कार को आग लगाने की घटना के बाद पुलिस शिकायत लेकर आने वालों क
अंबाला। बलदेव नगर में संदिग्ध कार खड़ी करने के बाद आग लगाने के मामले से पुलिस प्रशासन ने सबक लिया है। इस चूक को ध्यान में रखते हुए सभी थानों के भीतर आने वालों की एंट्री के लिए रजिस्टर लगाया गया है ताकि पता चल सके कि कौन आ रहा है और किससे मिल रहा है। बलदेव नगर थाने में भी रविवार को मुख्य गेट से दाखिल होने से पहले मुलाजिम रजिस्टर लेकर आने-जाने वालों की एंट्री करते हुए दिखाई दे रहे थे। पूछा जा रहा था कि आखिर कौन आ रहा है और किससे मिलना है। इसके अलावा थाना परिसर में बिना अनुमति वाहन खड़ा करने पर भी मनाही है।
रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार से मिल चुका है आरडीएक्स
अंबाला में संदिग्ध कार मिलने का पहला मामला नहीं है। छावनी का रेलवे स्टेशन पर 12 अक्तूबर 2011 को आतंकी द्वारा पार्किंग में इंडिका कार खड़ी कर दी गई थी। आईबी से मिले इनपुट के बाद कार को खंगाला गया था तो उसमें से भारी मात्रा में आरडीएक्स, डेटोनेटर व टाइमर मिले थे। सुरक्षा में इस चूक ने रेलवे व सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए थे। हैरानी की बात यह है कि आज तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर किसके द्वारा आरडीएक्स रखा गया था।
मोहड़ा चौकी परिसर में खड़ी कार को तोड़ गए थे बदमाश
अंबाला-दिल्ली हाईवे मोहड़ा चौकी में 4 दिसंबर को भी चूक का मामला सामने आया था। चौकी परिसर में ही खड़़ी कार को बदमाश डंडों से तोड़कर भाग गए थे। उस समय भी पुलिस मौके पर किसी आरोपी को काबू नहीं कर पाई थी। हालांकि बाद में मामला आपसी झगड़े से जुड़ा होने के कारण आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।