अंबाला। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर बने एसी श्रेणी के प्रतीक्षालय में आने वाले यात्री जगह कम होने से प्लेटफॉर्म पर खुले गर्मी में बैठने को मजबूर हैं।
यात्रियों के मुताबिक प्रतीक्षालय में जगह कम और उचित व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरी में प्लेटफॉर्म एक पर खुले में बैठना पड़ता है। उन्होंने अपनी इस पीड़ा के संबंध में स्टेशन मास्टर को जानकारी दी और साेशल मीडिया पर भी पोस्ट डाली है।
यात्री सौरभ, अनिल व सुमित ने बताया कि वातानुकूलित प्रतीक्षालय का दायरा इतना छोटा है कि न तो यहां सामान रख सकते हैं और न ही बैठने के लिए जगह मिलती है।
इसलिए रेलवे को वातानुकूलित प्रतीक्षालय का विस्तार करना चाहिए ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके। छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर निर्मित वातानुकूलित प्रतीक्षालय में जगह की कमी यात्रियों को खलने लगी है। एसी श्रेणी का टिकट होने के बाद भी उन्हें एकमात्र प्रतीक्षालय में बैठने की जगह नहीं मिल रही। ऐसे में सुविधा न मिलने पर यात्रियों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। संवाद