अंबाला। सीईटी को लेकर रोडवेज के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इन कर्मचारियों और अधिकारियों की अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, बराड़ा, नारायणगढ़ और शहजादपुर बस अड्डों पर इमरजेंसी डयूटी लगाई गई है। यह अधिकारी, कर्मचारी और चालक परिचालक की 25 जुलाई की रात से ही डयूटी पर तैनात रहेंगे, जो 26, 27 जुलाई की सुबह पांच बजे रोडवेज की बसों को चंडीगढ़ के लिए रवाना करवाएंगे। दो दिन तक लंबे और लोकल मार्ग पर बसों का संचालन प्रभावित रहेगा जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
डिपो ने सीईटी में लगाई रोडवेज की 167 बसें
26 और 27 जुलाई को कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट है, इसके लिए रोडवेज के अधिकारियों ने अंबाला डिपो की करीब 167 बसों को लगाया गया है। यह बसें दो दिन तक संचालन करेंगी। इन बसों के माध्यम से चालक और परिचालक सुबह पांच बजे से अभ्यर्थियों को चंडीगढ़ में सेंटर तक पहुंचाने का काम करेंगे।
पांच बजे बस अड्डों से होगा बसों का संचालन
अंबाला छावनी, अंबाला सिटी, बराड़ा, नारायणगढ़ और शहजादपुर बस अड्डे पर अभ्यर्थियों को सुबह चार बजे पहुंचना होगा। इन बस अड्डों से सुबह पांच बजे बसें चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगी जो बराड़ा वाया कालपी से वाया नारायणगढ़ और साहा से वाया शहजादपुर होते हुए चंडीगढ़ जाएंगी। इसके अलावा जो बसें रात्रि ठहराव करेंगी, वह बसें सुबह चार बजे गांव के मुख्य अड्डों से अभ्यर्थियों को लेकर चंडीगढ़ जाएंगी।
सीईटी को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और इमरजेंसी डयूटी लगाई गई है। इस दौरान अंबाला कैंट, सिटी, बराड़ा, नारायणगढ़ और शहजादपुर बस अड्डे से बसें अभ्यर्थियों को लेकर चंडीगढ़ जाएंगी।
- विपुल नांदल, यातायात प्रबंधक, अंबाला डिपो।