संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। पीकेआर जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में सैंड एंड आर्ट शो का आयोजन किया गया।। यह कार्यक्रम हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से आयोजित किया गया।
इस सैंड एंड आर्ट शो में कलाकार सरबम पटेल ने 10वीं पातशाही श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 4 साहिबजादों के जन्म, खालसा पंथ की स्थापना के बाद मुगल शासकों, सरहिंद के सूबेदार वजीर खां द्वारा आक्रमण के बाद 20-21 दिसंबर 1704 को मुगल सेना से युद्ध करने के लिए गुरु गोबिंद सिंह जी ने परिवार सहित श्री आनंदपुर साहिब किले को छोड़ना, सरसा नदी पर जब गुरु गोबिंद सिंह जी के परिवार का बिछड़ने को दिखाया गया। आर्ट शो के माध्यम से चार साहिबजादों ने अपने साहस से वीरता से धर्म, मानवता और अत्याचार के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी गई, उसे भी दर्शाया गया। आर्ट शो के माध्यम से श्री गुरु तेग बहादुर जी से प्रेरणा लेते हुए चार साहिबजादों ने धर्म और संपूर्ण मानवता के लिए जो बलिदान दिया, उसे दर्शाया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में यहां पर आयोजित सैंड आर्ट शो की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को इन साहिबजादों की वीरता के बारे में जानकारी मिली है, वहीं वे अपने अभिभावकों एवं अन्यों को भी इस बारे जागरूक करने का काम करेंगे।