संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। श्री कृष्णा ड्रामेटिक क्लब की 99वीं श्री रामलीला के सातवें दिन सूर्पणखा की नाक काटने का मंचन हुआ। इसके बाद रावण द्वारा अपनी बहन के अपमान का बदला लेने के लिए माता सीता के हरण का प्रसंग भी भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया। रात्रि में हनुमान जी की झांकी का प्रथम दर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
भाजपा महिला प्रदेश अध्यक्ष रिचा पाहवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। हनुमान जी की भूमिका पुलकित वालिया निभा रहे हैं। अग्रवाल वैश्य सभा, परवीन गर्ग, श्याम सेवा मंडल मुलाना और बालाजी निष्काम सेवा समिति के सदस्य विशिष्ट अतिथि के तौर पर पहुंचे। सभी अतिथियों ने श्रीराम जी की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
बच्चों में धार्मिक आस्था बढ़ाने का प्रयास
क्लब ने नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जोड़ने के लिए रामायण पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की। इसमें 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने रामायण के विभिन्न पात्रों के सुंदर चित्र बनाकर क्लब के मंच पर जमा करवाए। सर्वश्रेष्ठ तीन चित्रों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। क्लब के प्रधान राधेश्याम नंबरदार ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।