अंबाला। गांव जनसुआ में पूर्व फौजी के घर से दिनदहाड़े चोर ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के समय पूर्व फौजी पत्नी को दवा दिलवाने के लिए बहू संग मिलिट्री अस्पताल गया था। लौटने पर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। हैरानी की बात यह है कि दिनदहाड़े हुई चोरी की स्थानीय लोगों को भनक तक नहीं लगी। इलाका पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी भी खंगाले हैं।
गांव जनसुआ निवासी बलकार सिंह ने बताया कि 20 से 25 तोले के जेवरात व करीब दो लाख रुपये की नकदी गायब मिली है। वह वर्ष 2015 में आर्मी से रिटायर हुआ था। उसका बड़ा बेटा गुरुविंद्र सिंह भी जम्मू कश्मीर आर्मी में तैनात है और छोटा बेटा दविंद्र सिंह अमेरिका में है। वह सुबह आठ बजे छोटी बहू जसप्रीत कौर के साथ पत्नी जसविंद्र कौर को दवाई दिलाने के लिए मिलिट्री अस्पताल गया था। दोपहर डेढ़ बजे तक घर लौट आए थे। मेन गेट पर ताला लगा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो लोहे की रॉड से दरवाजे के ताले तोड़े हुए थे और अलमारी के दरवाजे टूटे पड़े थे।