अंबाला सिटी। पालिका विहार निवासी सोनाली रावत से 50 हजार पौंड, डायमंड और आईफोन-14 देने का झांसा देकर 5 लाख 65 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई। शातिर ठग ने विदेशी नंबर से फोन कर कहा कि तुम्हारी मां जमना देवी मरने से पहले तुम्हारे के लिए यह सब छोड़कर गई है। पीड़ित का आरोप है कि दो आरोपियों ने सामान घर तक पहुंचाने के एवज में धोखाधड़ी की। साइबर थाना पुलिस ने सिटी के पालिका विहार निवासी सोनाली रावत की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
आरोपी ने खुद को बताया था जानकार
शिकायतकर्ता ने बताया कि चार फरवरी को उसके मोबाइल पर विदेशी नंबर से एक कॉल आई थी। सामने वाले ने खुद को जॉन एरिक बताते हुए कहा कि आपकी माता जमना देवी मरने के बाद आपके लिए कुछ छोड़कर गई है। बोला कि वो आपको भेजना है। पूछने पर बताया कि सामान में 50 हजार पाउंड, आईफोन-14 और डायमंड का नेकलेस शामिल है।
जानकारी देने के बाद 10 फरवरी को एक दूसरे नंबर से फोन आया कि सामान मुम्बई एयरपोर्ट पर पहुंच गया है। कस्टम से पास करवाने के लिए 40 हजार रुपये लगेंगे। वो पैसे देने के बाद शातिर आरोपियों ने बोला कि आपके पार्सल से 50 हजार पाउंड पकड़े गए हैं। उसे क्लियर करने के लिए 95 हजार रुपये का चार्ज देना पड़ेगा। वो पैसे चुकाने के बाद बार-बार किसी न किसी बहाने से पैसे मांगते रहे। बाद में फिर सामान देने के बदले में टैक्स मांगा तो जेवर रखने के बाद लोन लेकर दिया। इस तरह से आरोपियों ने कुल 5 लाख 65 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।