अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल के कैंसर टर्सरी केयर सेंटर में अस्थायी नौकरी दिलवाने के नाम पर शातिर ठग द्वारा करीब 40 युवकों से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठग ने साथी संग मिलकर करीब सात युवकों को शुक्रवार को फर्जी मेडिकल देने के लिए छावनी नागरिक अस्पताल के गेट पर बुला लिया। मेडिकल की फीस के नाम पर पैसे वसूल लिए। जैसे ही युवकों को शक हुआ तो उन्होंने ठग के साथी को मेडिकल फार्म के साथ मौके पर दबोच लिया। सूचना पर रेजिमेंट चौकी प्रभारी नरेश मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद वह युवकों व पकड़े गए ठग को चौकी लेकर गए। तसीम्बली निवासी साजन, गांव कांवला निवासी रवि कुमार, मॉडल टाउन निवासी राज निवास, शहजादपुर निवासी अमित व अरूण ने बताया कि उसने नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे और दस्तावेज ले लिए थे।
साजन, रवि कुमार, अमित ने बताया कि ठग ने फोन पर बताया था कि उसकी अस्पताल में अच्छी जान पहचान है। वह कैंसर टर्सरी कैंसर केयर सेंटर में नौकरी लगवा देगा। अस्थायी नौकरी लगने के बाद वह 50 हजार रुपये लेगा। युवकों ने झांसे में आकर पैसे दे दिए। पुलिस के मुताबिक करीब तीन माह पहले से वह लगातार संपर्क हैं। जब युवकों ने दबाव डाला तो उन्हें मेडिकल करवाने के लिए छावनी नागरिक अस्पताल बुलाया था।
तीन थानों की सीमा के बीच उलझा मामला
छावनी नागरिक अस्पताल से ठग के साथी को पकड़वाने के बाद युवाओं को रेजिमेंट चौकी ले जाया गया। वहां पूछताछ के बाद उन्हें मामला पुराना बताकर महेश नगर थाने की करधान चौकी में भेज दिया। पूछताछ के बाद वहां से भी युवाओं को यह कहकर लालकुर्ती चौकी जाने के लिए बोल दिया कि ठग ने पहली बार बस स्टैंड के बतरा पैलेस के पास युवकों से दस्तावेज लिए थे। आखिर में युवक इधर-उधर भटकने के बाद अपने घरों को लौट गए। युवकों का कहना था कि वह एसपी अंबाला को मिलकर शिकायत सौंपेंगे तभी सुनवाई होगी।
छावनी नागरिक अस्पताल से युवकों द्वारा पकड़े गए आरोपी को लेकर मामला करधान चौकी से जुड़ा था इसलिए उन्हें व पकड़े गए आरोपी को करधान चौकी में भेज दिया।
-नरेश, चौकी प्रभारी रेजिमेंट बाजार
साजन से दो लाख 39 हजार रुपये व रवि से चार हजार रुपये लिए हैं। छावनी बस स्टैंड के निकट बतरा पैलेस के पास ही घटना है इसलिए उन्हें लालकुर्ती चौकी भेज दिया है।
-हरप्रीत, एएसआई करधान चौकी
मेरे पास इस मामले को लेकर कोई नहीं पहुंचा। कोई आता है तो जरूर कार्रवाई करेंगे।
चंद्रभान, एसआई लालकुर्ती चौकी प्रभारी