संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कोरोना संक्रमण के चलते स्वास्थ्य विभाग 24 घंटे अलर्ट पर है। डॉक्टर नर्सें व वार्ड ब्वॉय से लेकर सफाई कर्मचारी भी दिन रात मरीजों को स्वास्थ्य लाभ देने के प्रयास में जुटे हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के लैब कर्मचारी दिनरात एक करते हुए मरीजों के सैंपल ले रहे हैं। इनकी मदद स्टूडेंट कर रहे। काम में जुटे सात कर्मचारी व स्टूडेंट संक्रमित हो चुके हैं। इसके बाद भी सभी का जोश बरकरार है और कोरोना को मात देकर दोबारा से अपनी सेवाओं में जुट गए हैं।
वैसे तो हम लैब में पूरी एहतियात बरतते हैं, फिर भी काम के दौरान गत माह 9 तारीख को संक्रमित हो गए थे। महामारी को हराकर दोबारा से काम में जुटे हुए हैं। ड्यूटी पर आने के बाद बस एक ही बात का ध्यान रखते हैं कि महामारी को देखते हुए जल्द से जल्द मरीज की रिपोर्ट डॉक्टर को मुहैया करवाई जाए जिससे कि मरीज का सही उपचार शुरू हो सके। - कुलवंत सिंह, लैब इंचार्ज।
मैंने बचपन से ही सोच रखा था कि मैंने लैब टेक्नीशियन बनना है। कोरोना काल में हमने बहुत कुछ सीखा है, शुरू में संक्रमितों के सैंपल लेते समय मन मे थोड़ा डर था। अब जब हम इस क्षेत्र में आ ही गए हैं तो बीमारी का डर हमारे मन से निकल गया है। बस थोड़ी चिंता इस बात की रहती है कि कहीं माता-पिता व छोटा भाई मेरे कारण कोरोना की चपेट में न आ जाएं। - प्रियंका, स्टूडेंट।
मैं काम के दौरान इसी माह 4 मई को कोरोना संक्रमित हो गई थी। मुझे चिंता थी तो बस इस बात की कि कहीं मेरा परिवार भी संक्रमण की चपेट में न आ जाए। लेकिन इस दौरान मैंने हिम्मत व समझदारी से काम लिया और मैं 10वें दिन ठीक हो गई। इसके बाद मैंने फिर से काम करना शुरू कर दिया है। ऐसे में जब मरीज दुआ देते हैं तब काम करने की शक्ति और भी बढ़ जाती है। - जानकी, स्टूडेंट।
लैब में काम करते हुए 25 मार्च को संक्रमित हो गई थी, जिसके कारण मेरे पति व सास भी संक्रमित हो गए थे। गनीमत रही कि मेरा पांच साल का बेटा व ससुर संक्रमण की चपेट में आने से बच गए। मेरे पड़ोसियों ने मेरा बहुत साथ दिया। बेटे को संक्रमण से बचाने के लिए अपनी रिश्तेदारी में भेज दिया था। मरीजों की दुआओं ने मुझे व मेरे परिवार को बचा लिया। ठीक होकर फिर से काम में जुटी हुई हूं। नेहा बरुआ, लैब टेक्नीशियन।