अंबाला। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत अंबाला म्यूजिकल क्लब की ओर से मेरी आवाज ही पहचान है संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा कला परिषद् एवं योग फेडरेशन की ओर से सुभाष पार्क के निकट योग सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने एक के बाद एक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।
कार्यक्रम में गायकों ने देशभक्ति, गजल, प्रेम गीत एवं भारतीय संगीत जगत के जगमगाते अमर सितारे मोहम्मद रफी, जगजीत सिंह, किशोर दा, लता मंगेशकर के गीत गाकर माहौल को सुरमई बना दिया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंच से भावना द्वारा शिव स्तुति का गान किया गया। 22 बच्चों द्वारा सुर ताल के अनूठे संगम में सजी ताल माला की प्रस्तुति दी गई।
तत्पश्चात जगदीप ढांडा, अभिजीत शर्मा, राधिका ग्रोवर, वान्या, दीक्षा राठी, नवीन, नीति गोगिया, परमजीत सिंह बत्रा, हेम भरद्वाज एवं लक्की सिंह की ओर से क्या हुआ तेरा वादा... जिंदगी प्यार का गीत है...आया सावन झूम के, चिट्ठी आई है, समा है सुहाना आदि एक के बाद एक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। एसएस प्रसाद एवम रंजू प्रसाद की बेजोड़ गायकी भी श्रोताओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही। गायकों में राहुल भूटानी, संजीव भूटानी, शिवानंद, मनीष मल्होत्रा एवं परमजीत सिंह परवाना ने सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में गीत गाकर देशभक्ति का संदेश दिया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के चेयरमैन डॉ. नवीन गुलाटी, सेक्रेटरी दीपिका मल्होत्रा, मुख्यातिथि राजिंद्र विज, प्रेसिडेंट योगा फेडरेशन, गेस्ट ऑफ ऑनर रूपिंदरजीत कौर ग्रेवाल आदि ने किया।