बराड़ा। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्र जागरण मंच के तत्वाधान में स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में भव्य समारोह आयोजित हुआ। इसमें उपस्थित जनसमूह ने कारगिल योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के संस्थापक अमरिंदर सिंह, मंच संचालन विक्रम पाल सिंह और सतीश गर्ग ने किया। हरियाणा पुलिस हाउसिंग बोर्ड के पुलिस महानिदेशक डॉ. आरसी मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. आरसी मिश्रा ने कहा कि सैनिक देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त करता है और अमर हो जाता है। साथ ही अमर हो जाती है उस देश की कीर्ति और उसका अदम्य साहस, जिसकी गौरव गाथाओं से आने वाली पीढ़ियां अपने स्वर्णिम इतिहास को पहचान सकती हैं।
शहीदों की शौर्य गाथाओं से प्रेरित होकर भावी पीढ़ियां देशसेवा के जज्बे से परिपूर्ण होंगी। समाज सेविका डॉ. शालिनी छिब्बर ने कविता के माध्यम से भारतीय सेना के पराक्रम और शौर्य को सुंदर शब्दों में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. प्रकाश मिश्रा ने वीरों की याद को सदा जीवंत रखने और युवा पीढ़ी को देश के गौरवमयी इतिहास से प्रेरणा लेकर भविष्य उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जय पब्लिक स्कूल और अकाल अकादमी के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से परिपूर्ण रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में एसडीएम बिजेंद्र सिंह, पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मवीर, राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोहताश राणा, रजत मालिक, उम्मीद फाउंडेशन के प्रधान मनप्रीत सिंह, प्रयास समाज सेवा संस्था के प्रधान विशाल सिंगला, जिला युवा विकास संगठन बलजिंदर सिंह आदि मौजूद रहे।