सख्ती एवं प्यार दिखाएं, किसी को लक्ष्मण रेखा न करने दें पार - लॉकडाउन की समीक्षा बैठक में गृहमंत्री ने हालातों का लिया जायजा - दो सप्ताह और काटे तो पा लेंगे तो कोरोना से पा लेंगे छुटकारा संवाद न्यूज एजेंसी अंबाला सिटी। हरियाणा के गृह , स्वास्थ्य एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने पुलिस और प्रशासन से सख्ती के साथ-साथ प्यार दिखाने की भी अपील की है ताकि लॉकडाउन के दौरान लोगों को घर की लक्ष्मण रेखा पार करने से रोका जा सके। बातों ही बातों में यह भी चेता दिया कि लक्ष्मण रेखा पार करने से वही हाल होगा जोकि रामायण में माता सीता का हुआ था। यदि दो सप्ताह और काट दिए कोरोना से छुटकारा पा लेंगे। वे बुधवार शहर के पंचायत भवन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ले रहे थे। हालातों का जायजा और तैयारियों से वे लगभग पूरी तरह से संतुष्ट नजर आए लेकिन सजग रहने के आदेश दिए। कोरोना महमारी के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में किए लॉकडाउन के तहत उन्होंने अंबाला प्रशासन के कामों की समीक्षा की। आज तक की रिपोर्ट मांगी। मीटिंग के दौरान सभी अधिकारियों ने मास्क पहने तथा सोशन डिस्टेंसिंग के तहत आवश्यक दूरी पर बैठे। विज ने कहा कि लोग अनावश्य रूप से बहाना बनाकर बाहर निकल रहे हैं, गांव में ताश खेल रहे हैं, उन्हें रोका जाए। पहले प्यार से मनाएं, यदि कोई न समझे तो सख्ती से पेश आएं, किसी भी हालत में लोगों को घर से बाहर निकलने से रोका जाए। आदेश दिए कि बाहर से करीब 3 हजार प्रवासी अंबाला आए हैं। ऐसी व्यवस्था की जाए कि इनमें एक और का भी इजाफा नहीं होना चाहिए। खाना बांटने के नाम पर बाहर आने वालों की बढ़ती तादात पर भी आपत्ति जताई। जो भी संस्था सेवा करना चाहती है, वह इलाके के नोडल अधिकारी से रजिस्ट्रेश कराए। दिल्ली निजामुदीन से हरियाणा में आए लोगों पर कहा कि मस्जिदों की चेकिंग के आदेश दे दिए गए हैं। अंबाला में 40 के करीब लोगो को क्वारंटन किया गया है। चर संदिग्ध हैं, सैंपल लेकर इन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया है। इस दौरान डीसी अशोक शर्मा, एसपी अभिषेक जोरवाल और जिले के सभी अधिकारी मौजूद रहे। ----------------