अंबाला। सावन के दूसरे सोमवार को जमना दास जवाहर लाल मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंदिर के पुजारी पंडित दिनेश शास्त्री ने बताया कि दूसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे खोल दिए जाएंगे। मंदिर खुलते ही सुबह से ही भक्तगण भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करना शुरू कर देंगे। इस पावन अवसर पर सुबह आठ बजे से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से खीर और पूड़े का प्रसाद वितरित किया जाएगा। पंडित दिनेश शास्त्री ने बताया कि दिनभर चलने वाले पूजा-अर्चना के दौर के बाद शाम को भगवान शिव की भव्य आरती की जाएगी। मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होकर जलाभिषेक करने व प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। संवाद