- भक्ति के रंग में रंगा फाल्गुन महोत्सव, गूंजे श्याम बाबा के जयकारे
संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला सिटी। श्री राधा कृष्ण खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को पांचवें सांवरे के फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्री बांके बिहारी संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति की बयार बही। महोत्सव का दूसरा दिन विशेष रहा। सबसे पहले शनिवार सुबह 11 बजे महाराजा पैलेस में कन्याओं का सामूहिक विवाह आयोजित किया गया। विवाह समारोह में उपस्थित सभी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शाम 7:30 बजे शुरू हुआ। भजन गायकों ने अपनी सुमधुर आवाज से बाबा की महिमा का गुणगान कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कोलकाता के राज गुरु, भूना के सोनू सिंगला, अंबाला कैंट के जगत प्रकाश और नई दिल्ली के बबलू भाई ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। संकीर्तन के दौरान गायकों ने, जब सांवरे तेरी बंसी पुकारे बुलाए, आजा ओ कान्हा अब तो आए और खाटू वाले बाबा की हो रही जय जयकार, देखो देखो भक्त जन आए दरबार जैसे भजन गाए तो पंडाल भक्तिमय हो गया।
वृंदावन से पूर्णिमा पूनम दीदी पहुंचेंगी
भक्तों ने इन भजनों पर नृत्य कर श्रद्धा प्रकट की। आयोजकों ने बताया कि रविवार को श्री धाम वृंदावन से पूर्णिमा पूनम दीदी विशेष तौर पर पहुंचेंगी। वह अपने भजनों से मंत्रमुग्ध करेंगे और भक्ति को प्रज्वलित करेंगी। उनके साथ मोनू दुआ, कपिल अग्रवाल, करण म्युजिकल ग्रुप भी प्रस्तुति देगा। इसमें श्याम रसोई, इत्र वर्षा, छप्पन भोग, आलौकिक श्रृंगार, अखंड ज्योति, भव्य दरबार देखने को मिलेगा।