कैंट के सदर एरिया में रविवार को दस घंटे के ब्रेक डाउन से भड़के लोगों ने
जमकर बवाल काटा। आक्रोशित लोगों ने बिजली केंद्र पर पथराव किया और विभाग के
अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारियों में काफी
संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने
मामले को संभाला। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा। उधर लोगों की नाराजगी देख
कर्मचारियों के पसीने छूट गए।
रविवार सुबह से शुरू हुए कटों का सिलसिला
देर रात तक चलता रहा। पांच बजे के बाद तो बिजली पूरी तरह से गुल हो गई।
कैंट के सदर इलाके में रविवार को इस कदर ब्रेक डाउन हो गया कि लोगों के लिए
इस तेज गर्मी में जीना मुहाल हो गया।
लोगों ने भी बार-बार फोन कर सूचना
मांगने की कोशिश की, लेकिन हर बार बिजली जल्द ठीक होने का ही आश्वासन मिला।
कैंट के निवासियों में आनंद मोहन शुक्ला, जतिंदर वालिया, हितेंद्र गुप्ता,
सतीश जैन, आनंद प्रकाश ने बताया कि पिछले कुछ दिनाें से यह हालात बन रहे
हैं कि बिजली कटों से लोग दुखी हैं।
रविवार को सुबह से ही कटों का सिलसिला
शुरू हो गया। बीच में कुछ देर के लिए बिजली आती और फिर घंटों गुल रहती।
लेकिन शाम पांच बजे के बाद बिजली ऐसी गुल हुई कि यह रात दस बजे तक बहाल
नहीं हो पाई। अधिकारियों की मानें, तो फीडर को दुरुस्त करने में लगे हैं,
लेकिन इस में समय लग रहा है।
लोग ने बताया कि बिजली कट को लेकर जब
क्वालिटी सब स्टेशन के शिकायत केंद्र पर पहुंचे, तो वहां पर कोई कर्मचारी
नहीं मिला। यहीं से लोगों ने अधिकारियाें को फोन करना शुरु कर दिया, लेकिन
किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया। इसी पर लोग भड़क गए और बिजली विभाग को
जमकर खरी खोटी सुनाई।
लोगों ने कहा कि बिजली विभाग गर्मियों के सीजन में
लोगों को राहत देने में पूरी तरह से नाकाम है। इस बारे में एक्सईएन पीसी
सैनी ने कहा कि फीडर में समस्या आने के कारण यह ब्रेक डाउन हुआ है। विभाग
के अधिकारी व कर्मचारी इसे दुरुस्त करने में जुटे हैं।