संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के हिल रोड स्थित प्राचीन श्री सनातन धर्म मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन की ओर से भव्य तैयारियां की जा रही हैं। इस बार मंदिर प्रांगण और कान्हा के गर्भगृह को 10 क्विंटल गेंदा, गुलाब और अन्य फूलों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे मंदिर परिसर को सुगंधित करने के लिए विशेष इत्र सेवा भी की जाएगी।
श्री सनातन धर्म सभा के सदस्यों द्वारा मंदिर में सात विशेष इलेक्ट्रिक झांकियां तैयार की जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यह पूरा आयोजन सभा के प्रधान प्रमोद गर्ग और महासचिव सुधीर बिंदलस की अध्यक्षता में हो रहा है।
सुबह 5:30 बजे खुलेंगे कपाट, किया जाएगा भव्य शृंगार
मंदिर के पुजारी पंडित बुद्धि वल्लभ शास्त्री और प्रवेश उनियाल ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन सुबह साढ़े पांच बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सुबह की आरती के बाद सभी देवी-देवताओं को गंगाजल से स्नान कराकर नवीन वस्त्रों से भव्य शृंगार किया जाएगा। यह सेवा शाम 5 बजे तक निरंतर चलेगी। शाम छह बजे मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा जो मध्यरात्रि के बाद तक जारी रहेगा।
56 भोग और रात 12 बजे 16 द्रव्यों से महापूजन
भगवान बाल गोपाल को पेड़े, फल, धनिया-पंजीरी, माखन, मिसरी और तुलसीपत्र का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। मध्यरात्रि ठीक 12 बजे कान्हा के जन्म के समय 16 प्रकार की सामग्रियों से महापूजन होगा। इसमें गाय का दूध, दही, देसी घी, शहद, शक्कर, गंगाजल और इत्र शामिल हैं। महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं में फल, धनिया-पंजीरी, तुलसी पत्र और चरणामृत का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।