संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शिरडी जाने वाले भक्तों को जल्द राहत मिलने वाली है, वहीं दैनिक यात्रियों की सबसे मनपसंद ट्रेन शान-ए-पंजाब, हिमालयन क्वीन व हरिहरनाथ एक्सप्रेस का संचालन भी जल्द होगा। रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे की ओर से भेजी गई 39 जोड़ी ट्रेनों के प्रस्तावित संचालन को लेकर हरी झंडी दे दी है। इसमें अंबाला मंडल से निकलने व चलने वाली 16 जोड़ी प्रमुख ट्रेन भी शामिल हैं। इस बारे में रेलवे बोर्ड पत्र जारी कर इन ट्रेनों को 10 अप्रैल से चलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि अधिकारी अभी इससे अंजान हैं।
रेलवे की ओर से यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। अंबाला मंडल भी इस कड़ी में यात्रियों को काफी राहत प्रदान कर रहा है। मंडल की ओर से उत्तर रेलवे मुख्यालय भेजे गए प्रस्ताव पर रेलवे ने मुहर लगा दी है। अब सभी प्रमुख ट्रेनों का संचालन 10 अप्रैल से आरंभ होने की पूरी संभावना है। 31 मार्च को रेलवे की तरफ से आदेश जारी कर संबंधित विभागाध्यक्षों को भेज दिए गए हैं ताकि वह निर्धारित समय अनुसार ट्रेन संचालन को लेकर रैक व अन्य सभी तैयारियां पूरी कर सकें।
उत्तर रेलवे की ओर से बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में 39 जोड़ी ट्रेनों के संबंध में जानकारी दी गई कि क्यों यह ट्रेन चलानी आवश्यक हैं। इसमें आरक्षण का आंकड़ा, राजस्व व यात्रियों की संख्या बताई गई है। प्रस्ताव में बताया गया है कि कोरोना काल से पहले यानी 1 अप्रैल 2019 से लेकर 31 मार्च 2020 तक इन प्रमुख ट्रेनों में ऑक्यूपेंसी का आंकड़ा 100 से 192 प्रतिशत है, वहीं राजस्व का आंकड़ा भी 100 से 124 प्रतिशत है।
संभावित ट्रेनों की सूची
ट्रेन नंबर 12218/17 चंडीगढ़-कोच्चिवली-चंडीगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, 12450/49 चंडीगढ़-मडगांव-चंडीगढ़ गोवा संपर्क क्रांति, 12470/69 जम्मू-कानपुर-जम्मू, 12484/83 अमृतसर-कोच्चिवली-अमृतसर, 12497/98 नई दिल्ली-अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब, 14011/12 दिल्ली-होशियारपुर-दिल्ली, 14033/34 दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा-दिल्ली जम्मू मेल, 14095/96 दिल्ली-सराय रोहिला-दिल्ली हिमालयन क्वीन, 14524/23 अंबाला-बरौनी-अंबाला हरिहरनाथ एक्सप्रेस, 14612/11 श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा-गाजीपुर-श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा, 14616/15 अमृतसर-लालकुआं-अमृतसर, 14631/32 देहरादून-अमृतसर-देहरादून, 14681/82 नई दिल्ली-जालंधर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, 22429/30 दिल्ली-पठानकोट-दिल्ली, 22456/55 कालका-साईं नगर शिरडी, 22458/57 अंब अंदौरा-हजूर साहिब नांदेड़-अंब अंदौरा शामिल हैं।
रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन हो रहा है। ट्रेनों के संबंध में अभी नई नोटिफिकेशन नहीं मिला है, जैसे ही आदेश प्राप्त होंगे, उसी आधार पर आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। - दीपक कुमार, सीपीआरओ, उत्तर रेलवे।