अंबाला सिटी। मिशन अस्पताल और चर्च की करोड़ों रुपये की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री मामले में पकड़े गए मुख्य आरोपी जोसेफ विलियम को जेल भेज दिया गया। तीन दिन का रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को अटॉर्नी होल्डर पंजाब के गोबिंदगढ़ की दशमेश कॉलोनी सेक्टर-24 ए निवासी जोसेफ विलियम को कोर्ट में पेश किया गया था।
इस मामले में एक दिन पहले सुनीता को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे फर्जीवाड़े का जाल हिमाचल प्रदेश के सोलन से बुना गया था। बताया जाता है कि रिमांड के दौरान आर्थिक अपराध शाखा की टीम आरोपी जोसेफ को सोलन लेकर गई, जहां मामले से जुड़े स्थानों की निशानदेही करवाई गई। हालांकि कोई बरामदगी नहीं हुई है।
दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार, 16 थे नामजद
मिशन अस्पताल और चर्च की संपत्ति के फर्जीवाड़े में पुलिस ने कुल 16 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस इस मामले में अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। टीमें अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है। बता दें कि इस जमीन की हिमाचल प्रदेश के सोलन से फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी और नगर निगम अंबाला सिटी के पोर्टल पर फर्जी प्रॉपर्टी आईडी बनाकर धोखाधड़ी से 4 फर्जी रजिस्ट्रियां करवा दी गईं। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने मिशन अस्पताल निदेशक डॉक्टर सुनील कुमार सादिक की शिकायत पर फर्जी अटॉर्नी होल्डर व खरीदारों समेत 16 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। हालांकि शिकायत में अंबाला के तत्कालीन जिला राजस्व अधिकारी और पंजीकरण क्लर्क पर भी आरोप लगे थे।
-