अंबाला। सीआरपीएफ के उप कमांडेंट की पत्नी का पर्स चोरी करने वाले सांसी गिरोह के सदस्य गांव सांगला हिसार निवासी राजेश कुमार से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूछताछ की है। ऐसी ही चोरी की तीन घटनाएं जम्मू रेलवे स्टेशन पर भी पिछले दिनों हो चुकी हैं। सांसी गिरोह के सदस्यों की जम्मू स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में फुटेज भी दर्ज है। इसमें अंबाला जीआरपी द्वारा पकड़ा गया आरोपी भी शामिल है।
आगामी कार्रवाई के लिए जम्मू पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की योजना बना रही है, ताकि अन्य चोरी की घटनाओं को सुलझाया जा सके। दरअसल, आरोपी ने 15 मई को ट्रेन नंबर 04671 नई दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस में चोरी की थी। ट्रेन में सफर कर रहे सीआरपीएफ के उप कमांडेंट की पत्नी का सोने के गहनों से भरा पर्स चोरी कर लिया था। 13 जून को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से जीआरपी ने गिरफ्तार था। आरोपी के ठिकाने से जीआरपी ने 14 तोले सोना तो बरामद कर लिया था। वहीं 4 तोले सोना बेच दिया था और 50 हजार रुपये की नकदी खर्च कर दी थी।