अंबाला। ट्रेन से एसएसपी की पत्नी का पर्स चोरी करने के आरोपी को जीआरपी की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गांव आदिबाड़ी जिला सोतिया असम निवासी, मौजूदा किराएदार वृंदावन गार्डन साहिबाबाद निवासी राहुल शर्मा के तौर पर हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जीआरपी ने सात दिन का रिमांड हासिल किया है, ताकि साथियों व चोरी हुए सोने सहित अन्य सामान की रिकवरी हो सके।
आरोपी तक पहुंचने के लिए जीआरपी पिछले लगभग चार माह से छापामारी कर रही थी। मई माह में आरोपी के एक साथी को जीआरपी ने पकड़ा था। उसने सिर्फ मोबाइल नंबर की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि सोना व अन्य सामान राहुल ले गया है।
शातिर चोर राहुल दिल्ली जीआरपी की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है। उसे पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस भी अंबाला में कई बार दबिश दे चुकी है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए 17 बार मोबाइल सिम बदले थे। आरोपी ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि वो एसी टिकट पर यात्री की तरह प्रीमियम ट्रेनों में सफर करता था, ताकि किसी को शक न हो। अगर चोरी में कामयाब हो जाता था तो वह दिल्ली वापस चला जाता था। अन्यथा अंबाला रेलवे स्टेशन के बाहर पुल के नीचे डेरा डालकर योजना तैयार करता था।
यह था मामला
22 फरवरी को ट्रेन नंबर 22431 सूबेदागंज-उधमपुर एक्सप्रेस में सफर कर रही इलाहबाद निवासी साची पांडे का पर्स चोरी हो गया। महिला ने शिकायत देकर बताया था कि वो परिवार संग उक्त ट्रेन में जम्मू गई थी और उसे आगे एसएसपी मुख्यालय अनंतनाग जाना था। अंबाला कैंट स्टेशन पर किसी ने उसका पर्स चोरी कर लिया। पर्स में आईफोन, सोने के गहने,नगदी व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
एसएसपी की पत्नी का पर्स चोरी करने वाले आरोपी को अंबाला कैंट स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी जाएगी।
-धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआपी, अंबाला।