फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोने-चांदी के जेवर ठगे, सीसीटीवी में कैद

Fri, 05 Aug 2016 12:48 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो/अंबाला
विज्ञापन
सीसीटीवी में कैद ठगद की आरोपी - फोटो : cctv footage
विज्ञापन
थाने से महज सवा सौ मीटर दूरी पर सराफा कारोबारी के शोरूम में शातिर महिलाओं ने चांदी व सोने के गहनों की ठगी कर ली। बेखौफ पांच महिलाएं ग्राहक बनकर शोरूम में घुसी और वहां असली चांदी दिखाकर कारोबारी को नकली चांदी थमा गई। इसके बदले में वे कारोबारी से करीबन पौने दो लाख के असली सोने और चांदी के गहने भी ले गई।
विज्ञापन


महिलाओं के जाने के बाद कारोबारी ने जब महिलाओं द्वारा दिए गए चांदी के जेवरों की दोबारा जांच की तो वे सारे गहने नकली निकले। इस पर कारोबारी की पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत महिलाओं की तलाश शुरू की। लेकिन महिलाओं का कई कोई अता-पता नहीं मिला। जिसके बाद कारोबारी तुरंत अपने परिजनों व अन्य साथियों के साथ पास ही में मौजूद पुलिस थाने पहुंचा और वहां शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने इस बारे में ठग महिलाओं की तालाश शुरू कर दी है। महिलाओं की ये सारी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। इस फुटेज को सराफा कारोबारी ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया है और पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

महिलाओं ने ऐसे दिया ठगी को अंजाम
सराफा कारोबारी रविंद्र ने बताया कि उनके शोरूम में पांच महिलाएं चांदी के कुछ जेवर व अन्य सामान लेकर पहुंची। उन महिलाओं ने कहा कि उनकी दो बेटियों की शादी है और वे अपने पुराने चांदी के जेवर व अन्य सामान देकर अपनी बेटियों के लिए चांदी व सोने के नए जेवर, चांदी के कुछ बर्तन खरीदना चाहती है। कारोबारी ने बताया कि उन्होंने बातों-बातों में उनका पता जानना चाहा तो उन्होंने खुद को टांगरी बांध के पास स्थित कॉलोनी का बताया।
विज्ञापन

कारोबारी के अनुसार उसने उनके पुराने चांदी के जेवरों की गहनता से जांच की और जांच में वह असली चांदी के पाए गए। उसके बाद काफी देर तक महिलाएं सोने के कुछ जेवर, चांदी के कुछ जेवर और बर्तन पंसद करती रही और जब अंत में उन्होंने अपनी पुरानी चांदी की एवज में सोने व चांदी के नए करीबन पौने दो लाख रुपये के गहने पसंद कर उससे ले लिए और वहां से तुरंत निकल गई।

कारोबारी ने बताया कि उनके निकलने के थोड़ी देर बार शक होने पर उसने फिर से महिलाओं से लिए पुराने चांदी के जेवरों की जांच की तो सारी चांदी नकली निकली। कारोबारी के अनुसार महिलाओं ने उसे अपनी जो पुरानी चांदी देने के लिए दिखाई थी, वो असली थी। लेकिन जाते समय जो पुरानी चांदी वे उसे देकर गई वो नकली थी। यानी महिलाओं ने पहले तो देने के लिए कारोबारी को असली चांदी दिखाई, लेकिन जब उसे दी तो असली चांदी को नकली चांदी से बदल दिया और गहने लेकर रफू चक्कर हो गई।
वर्जन
इस मामले में पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस शातिर महिलाओं की तलाश में जुटी है। कुछ जगहों पर छापेमारी के लिए टीम भेजी गई है। जल्द ही इन आरोपी महिलाओं को काबू कर लिया जाएगा।
-कमलजीत सिंह, थाना प्रभारी महेशनगर

सराफा कारोबारियों के साथ पहले भी हो चुकी कई वारदात
- कुछ समय पहले कैंट के बजाजा बाजार चौक पर सराफा कारोबारी से ठगी गई थी हीरे की अंगूठियां
- पुल चमेली रोड पर सोने का हार शोरूम से बाहर जाकर देखते हुए लेकर भाग गया था चोर
- सिटी के अग्रसेन चौक पर स्थित मार्केट से ज्वैलरी शॉप में हुई थी लूटपाट
-साहा में दो बार शातिर महिलाएं व व्यक्ति ने सराफा कारोबारी की दुकान में की ठगी
- अंबाला शहर में सराफा बाजार में दो दुकानों से जेवर ठग कर ले गए थे शातिर

इधर, युवक का सिर फोड़कर लूटे 1.46 लाख 
मुलाना/बराड़ा। कस्बा के तंदवाली गांव के पास दिन दहाड़े एक युवक का सिर फोड़कर उससे 1.46 लाख रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही बराड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। हमले में घायल का उपचार कराया जा रहा है। 
जानकारी के अनुसार डुलियाना निवासी श्रीकांत एक फाइनेंस कंपनी के नाम से काम करते हैं। वह दोपहर को करीब 1.46 लाख रुपये लेकर आ रहा था। जैसे ही वह तंदवाली गांव के पास पहुंचा तो एक पेड़ के नीचे दो युवक खड़े थे, जिन्होंने श्रीकांत को रोक लिया। जैसे ही श्रीकांत ने बाइक रोकी तो एक युवक ने उसके सिर में लकड़ी के डंडे से वार कर दिया। इतने में वहां पर दूसरी बाइक पर दो अन्य युवक आए, जिन्होंने श्रीकांत के हाथों से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घायल ने बराड़ा पुलिस को फोन किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने श्रीकांत के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि आरोपियों का कोई सुराग नहीं है। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें