अंबाला। नगर परिषद के जाम मुक्त व अतिक्रमण विरोधी अभियान को पलीता लग रहा है। इसमें आगे दौड़ और पीछे चौड़ वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। जब तक नगर परिषद की टीमें बाजारों में तैनात रहती हैं तब तक रेहड़ी, फड़ी व अस्थायी स्टाॅल सड़क पर नजर नहीं आते, लेकिन टीम के हटते ही दोबारा से सज जाते हैं और जाम का कारण बन जाते हैं। यह नजारा मंगलवार को हिल रोड पर सजी सब्जी मंडी सहित अन्य बाजारों में देखने को मिला। जहां लगातार कार्रवाई के बाद नप की टीम ने सामान को पीछे करवाया था। अब दोबारा से सामान अपनी पुरानी जगह पर ही रखा नजर आ रहा है।
बाकी कसर बाजार में डिवाइडरों के साथ खड़े दोपहिया और चौपहिया वाहन पूरी कर रहे हैं। जिसका जहां मन करता है, वहां वाहन खड़ा करके चला जाता है। गौरतलब है कि पिछले लगभग चार दिनों से नगर परिषद के अधिकारियों ने बाजारोंं में लगातार कार्रवाई की, ताकि त्योहारों के समय दुकानदार अपनी हद में ही सामान रखें। इसलिए नगर परिषद के अधिकारी सदर पुलिस के साथ मिलकर खुद कार्रवाई करवा रहे हैं। हालांकि अभी यह कार्रवाई मौखिक स्तर तक ही सीमित है। यही कारण है कि दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों का हौसला बढ़ जाता है। इनमें से कुछ दुकानदार ऐसे भी है, जिनके पास 15 से 20 फुट की दुकान है। बावजूद इसके उन्होंने सड़क पर भी 10 से 15 फुट का अतिक्रमण किया हुआ है।
बाजारों व सब्जी मंडी में अगर फिर से सड़क पर अतिक्रमण हो गया है तो अबकी बार किसी को बख्शा नहीं जाएगा और न ही मोहलत दी जाएगी। अब सीधा सामान जब्त किया जाएगा और दुकानदार के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। उन्हें कई बार मौखिक तौर पर पहले भी चेतावनी दी जा चुकी है।
-जरनैल सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर।