संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। आईटीआई में दाखिला के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग की मेरिट सूची 2 सितंबर को बाद दोपहर जारी हुई थी। पूर्व में जारी किए जा चुके शेड्यूल के अनुसार प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच का कार्य है 2 एवं 3 सितंबर को ही किया जाना था। परंतु एक दिन में सभी दस्तावेजों की जांच हो पाना संभव नहीं था इसी लिए इस कार्य को अब रविवार को भी जारी रखा जाएगा।
हरियाणा राज्य के सभी राजकीय एवं प्राइवेट आईटीआई दाखिला के कार्य के लिए खुले रहेंगे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अंबाला शहर में दूसरे चरण की मेरिट में 311 व्यक्तियों की सूची जारी की गई थी। इसमें से 112 व्यक्तियों द्वारा शनिवार को अपने प्रमाण पत्र एवं दस्तावेज वेरिफिकेशन का कार्य करवाया गया। इसी तरह से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महिला अंबाला शहर में भी 33 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई थी।
उनमें से 15 अभ्यर्थियों की ओर से प्रमाण पत्र एवं दस्तावेज शनिवार को ही वेरीफाई करवाए गए हैं। राजकीय आईटीआई अंबाला शहर के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी भूपेंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि दाखिला का कार्य संतोषजनक एवं आशा के अनुरूप ही चल रहा है। उनके स्टाफ द्वारा किए जा रहे प्रचार प्रसार एवं जनसंपर्क से सभी शत-प्रतिशत सीटों पर दाखिला प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।