अंबाला। ट्रेनों में चोरी की घटनाएं एक बार फिर बढ़ने लगी हैं। ऐसे ही दो मामले रविवार को अंबाला छावनी के जीआरपी थाने में दर्ज किए गए हैं। पहला चोरी का मामला ट्रेन नंबर 14034 जम्मू मेल में घटित हुआ। ट्रेन में सफर कर रहे व्यक्ति का पर्स चोरी हो गया। फरीदाबाद से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर अंबाला छावनी के जीआरपी थाने में मामला दर्ज किया गया। प्रदीप कुमार ने बताया कि वो 14 अक्टूबर को पठानकोट से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन नंबर 14034 में सवार हुआ था। 15 अक्टूबर को ट्रेन जब अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंची तो तीन महिला व एक पुरुष कोच में चढ़े और उसका पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 4200 रुपये नकद व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
बाड़मेर एक्सप्रेस में चोरी
हनुमानगढ़ से ऋषिकेश तक सफर कर रहे यात्री का ट्रेन से बैग चोरी हो गया। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने मामला दर्ज किया है। श्रीगंगानगर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि 23 नवंबर 2024 को वो ट्रेन नंबर 14888 बाड़मेर एक्सप्रेस में सफर कर रहा था। 24 नवंबर को ट्रेन रात लगभग 3.18 बजे अंबाला सिटी स्टेशन पर पहुंची थी। इस दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका नीले रंग का पिट्ठू बैग चोरी कर लिया। बैग में एक सोने की अंगुठी, दो चांदी के ब्रासलेट, एक स्टील की मिल्टन कंपनी की बोतल और कपड़े थे।