संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शिक्षा विभाग ने 10वीं व 12वीं के बोर्ड की परीक्षा के लिए तैयारी बढ़ा दी है। विभाग की ओर से स्कूलों को शत-प्रतिशत परिणाम का लक्ष्य दिया गया है। विभाग ने स्कूलों को पाठ्यक्रम और पुराने प्रश्न-पत्र को दोहराने के निर्देश दिए हैं। इस बार 10वीं व 12वीं में 12 हजार विद्यार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
यह परीक्षाएं फरवरी माह के आखिरी सप्ताह में शुरू होंगी और मार्च के आखिरी सप्ताह तक चलेंगी। वहीं, 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से 1 अप्रैल तक चलेंगी। विभाग की ओर से बीते माह में उन स्कूलों को अंसतोष पत्र दिए गए थे, जिनका परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष कमजोर रहा था। उन स्कूलों को जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा की ओर से अंसतोष पत्र दिए गए ताकि इन स्कूलों का परिणाम इस वर्ष सुधारा जा सके। इसके अलावा बेहतर परिणाम लाने वाले स्कूलों के मुखिया को प्रशंसा पत्र भी दिए गए थे। विभाग अधिकारी परिणाम को बेहतर लाने के लिए स्कूलों के मुखिया की बैठक भी ले चुके हैं।