शहजादपुर खंड के जटवाड़ स्कूल में प्राचार्य के साथ मौजूद छात्रा इशिका। प्रवक्ता
शहजादपुर। इशिका का इंस्पायर मानक अवार्ड में जिला स्तर पर चयन हुआ है। इशिका राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जटवाड़ की आठवीं कक्षा की छात्रा है। इशिका ने महिला सुरक्षा उपकरण का अनूठा विचार प्रस्तुत किया, जिसे विभाग ने सराहा है। इस नवाचार के लिए उसे मॉडल तैयार करने के लिए पुरस्कार स्वरूप दस हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। प्रधानाचार्य डॉ. नीलम शर्मा ने बताया कि खंड से मात्र 5 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें इशिका शामिल है। उन्होंने विज्ञान अध्यापिका गुरप्यारी और छात्रा के परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। प्रधानाचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा का भी मार्गदर्शन के लिए आभार जताया और अन्य विद्यार्थियों को इशिका से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।