अंबाला। आईआरसीटीसी की ओर से भारत गौरव ट्रेन का संचालन 28 जुलाई को पठानकोट से होगा। यह ट्रेन दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों सहित पर्यटन स्थलों के दर्शन कराएगी। आईआरसीटीसी ने 13 दिन और 12 रात का विशेष पैकेज जारी किया है।
इसमें तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन आदि धार्मिक स्थानों के दर्शन करवाए जाएंगे। इस ट्रेन में पठानकोट कैंट के अलावा बीच रास्ते के रेलवे स्टेशनों से भी यात्री चढ़-उतर सकेंगे। इसमें जालंधर सिटी, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, हजरत निजामुद्दीन, मथुरा, आगरा कैंट और ग्वालियर रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
ये है प्रति व्यक्ति किराया
आईआरसीटीसी की ओर से संचालित भारत गौरव ट्रेन में यात्री तीन श्रेणियों में सफर कर सकेंगे। इसमें स्लीपर श्रेणी इकोनॉमिक श्रेणी में 640 सीटें निर्धारित की हैं और इसका प्रति व्यक्ति किराया 30 हजार 135 रुपये रखा है। इसके अलावा तृतीय एसी श्रेणी में 70 सीटें हैं और इसका किराया 43 हजार 370 रुपये प्रति व्यक्ति और द्वितीय एसी श्रेणी में 50 सीटें का प्रति व्यक्ति किराया 57 हजार 470 रखा है।
मिलेंगी ये सुविधाएं
आईआरसीटीसी के इस टूर पैकेज में यात्रियों को खाने-पीने की सुविधा के अलावा ठहरने के लिए कमरे भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा मंदिरों सहित पर्यटन स्थलों तक जाने के लिए निशुल्क बसें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। जबकि ट्रेन में भी सफर के दौरान सुरक्षा व सुविधा के लिए प्रत्येक कोच में कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इस दौरान अगर कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसे उपचार भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
वर्जन
आईआरसीटीसी द्वारा भारत गौरव ट्रेन का संचालन किया जा रहा है जोकि दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों सहित पर्यटन स्थलों के दर्शन करवाएगी। तीन श्रेणियों में यात्री सफर कर सकेंगे। इसके लिए सुविधा के हिसाब से अलग-अलग किराए का निर्धारण किया गया है। यात्री ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक करवा सकते हैं।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।