फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: नाबालिग लड़कियों से आईफोन छीना, पीछा किया तो स्कूटी को मारी लात

विज्ञापन
अंबाला सिटी के शुकुलकुंड रोड पर लड़कियों से फोन झपटने वाले संदिग्ध आरोपी। सीसीटीवी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

अंबाला सिटी। सिटी के व्यस्त इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक्टिवा सवार दो नाबालिग लड़कियों से आईफोन 15 छीन लिया। इतना ही नहीं, जब युवतियों ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा किया, तो आरोपियों ने उनकी एक्टिवा में जोर से लात मार दी। इससे दोनों लड़कियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
सुभाष गली निवासी नवीन कुमार ने पुलिस चौकी नंबर 2 में दी शिकायत में बताया कि वीरवार शाम करीब 6 बजे उनकी 16 वर्षीय बेटी तान्या अपनी सहेली गुरसीरत कौर के साथ एक्टिवा पर शुकुलकुंड रोड से कान्हा जी के वस्त्र लेने गई थी। वापसी के दौरान जब वे गुग्गा माड़ी नदी मोहल्ला के पास पहुंचीं, तो पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो लड़कों ने गुरसीरत के हाथ से आईफोन 15 छीन लिया और मीरा चौक की तरफ भाग निकले।
विज्ञापन

फोन छीने जाने के बाद तान्या ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही वे जनता फर्नीचर के पास पहुंचीं, बाइक सवार बदमाशों ने उनकी एक्टिवा में जोर से लात मार दी। संतुलन बिगड़ने से दोनों लड़कियां एक्टिवा समेत सड़क पर गिर गईं। हादसे में एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गए।

राहगीर के फोन से पिता को दी सूचना
घटना के बाद घायल तान्या ने सड़क से गुजर रहे एक राहगीर से फोन मांगकर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पिता ने दोनों लड़कियों को तुरंत सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, तान्या को 4 और उसकी सहेली गुरसीरत को 5 चोटें आई हैं।
विज्ञापन


पीड़ित पक्ष की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर लूट की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। टीम और अपराध शाखा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सुशील कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस चौकी नं. 02, सिटी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें