- डीआरएम कार्यालय की ओर से गठित टीम ने साफ-सफाई व गुणवत्ता जांची
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए बुधवार डीआरएम की ओर से गठित टीम ने खानपान के स्टाॅलों पर छापा मारा और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जोकि अब आगामी जांच के लिए खरड़ पंजाब की अधिकृत लैब में भेजे जाएंगे ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सही जानकारी मिल सके कि ये खाद्य पदार्थ यात्रियों की सेहत के लिए ठीक भी हैं या नहीं। इस दौरान टीम ने स्टाॅल संचालकों को साफ-सफाई रखने के भी निर्देश दिए, वहीं स्टाॅल पर काम करने वाले प्रत्येक वेंडर को पहचान पत्र और वर्दी पहनने के निर्देश भी जारी किए।
समोसे-ब्रेड पकौड़े किए पैक
टीम में वाणिज्य विभाग के निरीक्षक शामिल थे। टीम ने पहले स्टेशन का निरीक्षण किया ताकि किसी स्टाॅल संचालक को इसकी भनक न लगे। इसके बाद प्लेटफाॅर्म एक से सात पर स्थित अलग-अलग स्टाॅलों का निरीक्षण किया और इनमें से पांच अलग-अलग स्टाॅलों से समौसे, ब्रेड पकौड़े, कुलचे, छोले सहित अन्य पेय पदार्थों के नमूने एकत्रित करके मौके पर ही सील लगाकर पैक किए ताकि स्टाॅल संचालकों के मन में किसी प्रकार के शक की गुंजाइश न रहे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जो भी खाद्य पदार्थ टीम ने कब्जे में लेकर पैक किए हैं, उनमें किसी प्रकार की खामी, जैसे बदबू, गले-सड़े आलू आदि नहीं पाए गए, जबकि जो सामान तैयार किया गया था वो मौके पर ही बनाया गया था। ऐसे में अब खाद्य पदार्थों की जांच विभागीय रिपोर्ट पर टिकी है जोकि आगामी 15 दिन में आने की उम्मीद जताई गई है।
पक्की सराय में की जांच
रेलवे की टीम ने पक्की सराय में उस जगह का भी निरीक्षण किया है, जहां पर गले-सड़े आलू से बने समाेसे व ब्रेड पकौड़े परोसने की शिकायत आई थी। लेकिन यहां कुछ खामी नहीं पाई गई। स्टेशन पर काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने बताया कि स्टेशन पर गैस सिलेंडर की मनाही है इसलिए उन्होंने पक्की सराय में कमरे किराए पर लिए हुए हैं और यहीं से वो समोसे व ब्रेड पकौड़े आदि तैयार करके स्टेशन पर ले जाते हैं।
वर्जन
विशेष टीम समय-समय पर औचक निरीक्षण करके खाद्य पदार्थों के नमूने लेती है ताकि यह जानकारी मिल सके कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता ठीक है या नहीं। कुछ नमूने मौके पर चेक किए जाते हैं और कुछ नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा जाता है।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल