सहकारिता मंत्री विक्रम यादव द्वारा अंबाला हैफेड गोदाम से पकड़ी गई सरकारी गेहूं की चोरी के मामले में वीरवार को एसडीएम अंबाला ने जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने हैफेड के गोदाम में पहुंचकर न केवल बोरियों की गिनती शुरू करवा दी है, बल्कि इन तमाम बोरियों की संख्या का स्टॉक रजिस्टर में मौजूद बोरियों की संख्या से मिलान किया जाएगा। इस दौरान बाकायदा हैफेड के अफसर व कर्मचारी भी मौजूद रहे। एसडीएम अंबाला का कहना है अभी जांच पूरी होने में वक्त लगेगा, क्योंकि यहां लाखों बोरियां मौजूद है और सभी बोरियों की गिनती करवाई जानी है। बहरहाल, एसडीएम की इस जांच में सरकारी गेहूं चोरी के बड़े खेल के खुलासे की उम्मीद है।
इन बिंदुओं पर की जाएगी जांच-हैफेड के गोदाम से जब सरकारी गेहूं चोरी हो रहा था, तो गोदाम किसकी अनुमति से खोला गया-किस कर्मचारी ने गोदाम खोला और उस वक्त सिक्योरिटी गार्ड कहां थे-सरकारी गेहूं की बोरियों को ट्राली में लादने वाले सरकारी कर्मचारी नहीं थे, तो ये लोग कौन थे?-अच्छी गेहूं के साथ ट्राली में सड़ी गेहूं लादकर ले जाने वाले लोग कौन थे, उन्हे इसकी अनुमति किसने दी।-ट्राली में लादकर गंदी और अच्छी गेहूं कहां ले जाई जा रही थी-मंत्री जब गोदाम पहुंचे तो ट्राली में लादा जा रहा था गेहूं, न ठेकेदार था, न ही कोई सरकारी कर्मचारी व अफसर, तो वहां कौन था?-गेट पर सिक्योरिटी गार्ड होने के बावजूद भी ट्राली और कारिंदे गोदाम के भीतर तक कैसे पहुंच गए?
ये था मामला02 नवंबर को अंबाला सिटी स्थित हैफेड गोदाम में सहाकारिता मंत्री अचानक पहुंच गए। जिस वक्त वह गोदाम में पहुंचे, तो वहां एक ट्राली पर सड़ा हुआ गोदाम कुछ लोगों द्वारा लादा जा रहा था। मंत्री ने जब उनसे पूछताछ शुरू की तो वे लोग घबरा गए। ये देखकर मंत्री ने ट्राली में लादे गए गेहूं की जांच करने के आदेश दिए।
जिसमें सरकारी गेहूं की चोरी रंगे हाथों पकड़ी गई। वे लोग ट्राली में अच्छे गेहूं की बोरियां तो नीचे की ओर रख रहे थे, और ऊपर गंदी गेहूं की बोरियों से अच्छी गेहूं की बोरियों को छिपा रहे थे। यह चोरी और चालाकी मंत्री ने पकड़ ली थी। इस मामले में हैफेड डीएम से स्पष्टीकरण मांगा गया था, जबकि गोदाम इंचार्ज और सिक्योरिटी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया था।
इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है। हैफेड गोदाम में बोरियों की गिनती का काम शुरू किया गया है। इन गिनती से स्टॉक रजिस्टर में अंकित गेहूं की बोरियों का रिकार्ड का मिलान किया जाएगा। जल्द ही जांच पूरी कर आला अफसरों को सौंप दी जाएगी।-कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम, अंबाला