अंबाला। छावनी बस स्टैंड की पार्किंग के पास वीरवार देर रात को हो रहे झगड़े को शांत करवाना तीन व्यक्ति को महंगा पड़ गया। बदमाशों ने उनकी ही जमकर पिटाई कर दी। बदमाशों ने डंडे बरसाते हुए कार क्षतिग्रस्त कर दी। इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का छावनी नागरिक अस्पताल में उपचार करवाया। घायलों की पहचान किस्मत नगर निवासी संदीप शर्मा, राजिंद्र व विजय के रूप में हुई। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने के बाद तीन-चार बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी बोबी को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता संदीप शर्मा ने बताया कि वह वाटर प्यूरीफायर का काम करता है। वीरवार की रात वह दोस्तों संग एक दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए गया था। वापसी में बस अड्डा छावनी के पास चाय की दुकान पर चाय पी रहे थे। उसी दौरान वहां पर कुछ लड़के आपस में बहस कर रहे थे। उनको छुड़ाने के लिए बीचबचाव करने लगे तो दूसरे पक्ष को छोड़कर बदमाशों ने उन्हीं से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में सिर व पूरे शरीर पर डंडे बरसाए। जैसे ही मेरे दोस्त राजिंद्र व विजय छुड़वाने के लिए आए तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया। बदमाश जानलेवा हमला कर फरार हो गए और जाते समय कार क्षतिग्रस्त कर दी।