अंबाला सिटी। उपायुक्त डॉ. शालीन ने सोमवार को कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने डीटीओ व जिला खनन अधिकारी को अवैध खनन, ओवर लोडिंग व मिनरल के दृष्टिगत नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय प्रबंधक नितिन मेहता से जिले में चलने वाले कुल और निर्धारित मापदंड के तहत चल रहे स्क्रीनिंग प्लांटों की भी समीक्षा की। नितिन मेहता ने उपायुक्त को बताया कि टीम में शामिल अन्य सदस्यों ने जिले में स्क्रीनिंग प्लांटों के तहत चल रहे 28 प्लांटों को चैक किया है। जिनमें से 11 स्क्रीनिंग प्लांटों के प्रतिनिधियों ने अवहेलना से संबंधित अपने जवाब प्रस्तुत किए हैं। उपायुक्त ने प्रतिनिधियों द्वारा जो अवहेलना से संबंधित अपने जवाब प्रस्तुत किए है, उनकी वेरिफिकेशन करते हुए उसकी रिपोर्ट 17 जुलाई तक उपायुक्त कार्यालय में देने के निर्देश दिए। वहीं, जिला खनन अधिकारी गुरमीत सिंह ने उपायुक्त को बताया कि जून माह में 10 वाहनों को जब्त करने का काम किया गया हैं। जिनमें से आठ वाहनों से करीब 14 लाख 91 हजार रुपये का जुर्माना वसूलने का काम किया गया हैं। क्षेत्रीय प्रबन्धक ने बताया कि विभाग द्वारा 28 स्क्रीनिंग प्लांट को शो-कोज नोटिस दिए गए है, जिनमें से 11 ने अपना रिप्लाई फाइल किया है। बोर्ड द्वारा 2 स्क्रीनिंग प्लांटों को बंद कर दिया गया हैं और 16 स्क्रीनिंग प्लांटों को बंद करवाने के लिए प्रक्रिया जारी हैं। डीटीओ सुशील कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा जून माह में ओवर लोडिड 95 वाहनों पर नकेल कसने का काम किया गया है, जिनसे करीब 57 लाख 16 हजार एक सौ रुपये की राशि वसूली गई हैं।