अनाज मंडी में पहुंचे मंत्री अनिल विज, आढ़ती बोले- चोरियां हो रहीं, एसएचओ से कहा- सख्त कार्रवाई करें
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को छावनी की नई अनाज मंडी का दौरा कर धान की फसल खरीद और मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में पड़ी फसल की नमी जांचते हुए अधिकारियों को 17 प्रतिशत से कम नमी वाली धान की त्वरित खरीद और उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विज ने कहा कि किसान हमारी आन, बान, शान और सम्मान हैं, उन्हें मंडी में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम के बाद कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंत्री विज को बताया कि यहां लगातार चोरियां हो रही हैं, इस पर विज ने तत्काल पड़ाव थाना प्रभारी को बुलाया और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंडी में बिजली का लोड बढ़ाने की मांग रखी जिसपर उन्होंने मौके पर ही मौजूद एक्सईएन को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह धान की खरीद समय से शुरू करने, मंडी में सुरक्षा हेतु चौकीदारों की नियुक्ति करने व चारा मंडी के गेट के साथ दीवार बनाने की मांग की। मंत्री अनिल विज ने इन मांगों पर उच्च अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंडी परिसर में किसानों व आढ़तियों को संबोधित करते हुए विज ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए मंडी में सोने के लिए विश्राम गृह और कैंटीन की व्यवस्था की गई है। अब कैंटीन में रात को भी भोजन उपलब्ध रहेगा ताकि दूर-दराज से आने वाले किसानों को कोई असुविधा न हो।
विज की चुनौती, कोई उनके कराए विकास कार्य गिनवा दे
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले अंबाला छावनी को अनाज मंडी के नाम पर सिर्फ आश्वासन और पत्थर ही मिले, लेकिन 2014 में हमारी सरकार बनते ही मंडी का निर्माण कराया गया। उन्होंने दावा किया कि 1952 से उनके मंत्री बनने से पहले तक के सभी विधायकों-सांसदों के कुल विकास कार्य, उनके द्वारा कराए गए कार्यों के आगे एक प्रतिशत भी नहीं हैं। विज ने खुला चैलेंज दिया कि यदि कोई उनके द्वारा कराए गए सभी विकास कार्य गिनवा दे, तो वह उसे 31 हजार रुपये का इनाम देंगे।