शहर के पंचायत भवन में दिशा की बैठक लेते हुए सांसद वरुण चौधरी। डीआईपीआरओ
अंबाला सिटी। शहर के पंचायत भवन के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। यह बैठक लोकसभा सांसद और जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के अध्यक्ष वरुण चौधरी ने ली।
इसमें सांसद चौधरी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक शौचालयों का निर्माण करने के लिए निरीक्षण किया जाए, जिससे कि लोगों की सुविधा के अनुसार शौचालयों का निर्माण किया जा सके, इतना ही नहीं जहां सार्वजनिक शौचालय निर्मित है, उनकी रिपेयर व साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रशासन ने बंद कमरे में ही करा दी दिशा की बैठक
हैरानी की बात है कि जिस दिशा की बैठक में सामान्य लोग भी आ सकते हैं उस बैठक को प्रशासन ने बंद कमरे में कराया। यहां तक कि पत्रकारों के अंदर जाने पर भी मनाही थी। प्रदेश में सभी जिला में केंद्र सरकार की योजनाओं के लिए दिशा समिति की बैठक होती है मगर अंबाला प्रशासन ने आम लोगों को इस बैठक में जाने से रोककर अव्यवस्थाओं पर पर्दा डालने का काम किया है।
सांसद ने मांगे दिए जाने वाले घरों के फोटो
सांसद वरुण चौधरी ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी सहित अन्य योजना की समीक्षा की। उन्होंने अनुदान राशि व ऋण आधारित सब्सिडी बारे जानकारी ली और अधिकारियों से लोगों को दिए जाने वाले घरों की फोटो भी मांगी ताकि पता चल सके कि किस तरह के घर दिए जा रहे हैं। फोटो न होने पर अधिकारियों ने फोन में सांसद को फोटो दिखाई। इस पर संबंधित अधिकारी ने बताया कि अक्तूबर माह तक इस योजना के तहत कुल 3977 आवेदन आए थे, जिनमें से 1731 आवेदन स्वीकार हुए और 1211 एलओआई के तहत व इनमें से 621 घर बनकर पूरे हो चुके हैं और 591 घरों बनाने का कार्य चल रहा हैं। उन्होंने कहा कि विभागों में खाली पड़ी जमीनों पर तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर सोलर प्रोजेक्ट लगाए जाए।