अंबाला सिटी। नगर निगम आयुक्त वीरेंद्र लाठर ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ वीरवार को मंडौर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेयरी कॉम्प्लेक्स में फैली गंदगी के बारे में डेयरी प्रधान और डेयरी संचालकों से बातचीत की। आयुक्त ने देखा कि डेयरी संचालक द्वारा गोबर पर पानी डालकर उनको नाली में बहाया जाता है। इस कारण नालियां जाम हो रही हैं। गंदा पानी नालियों व सड़क पर एकत्रित होने के कारण उनकी निकासी नहीं हो पा रही है।
उन्होंने प्रधान व सभी डेयरी संचालकों को निर्देश दिए कि वे गोबर को एक स्थान पर एकत्रित करें ताकि नगर निगम के कर्मचारी गोबर का सुविधापूर्वक निपटान कर सकें व नालियों में गोबर जमा न हो। इसके अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त ने क्षेत्र में पड़ने वाली सेशन ड्रेन, इंकों ड्रेन व घेल ड्रेन का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मानसून से पूर्व सभी नालों की सफाई करवाने के निर्देश दिए।