माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला। छावनी के औद्योगिक क्षेत्र में सफाई के बाद खराब हुए दस्तावेजों की कारोबारियों ने एफआईआर करानी शुरू कर दी है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि अगर कोई प्रमुख दस्तावेज गुम हो तो आगे चलकर उनके पास एफआईआर का साक्ष्य रहे। अभी तक कई कारोबारियों को ताे यह पता ही नहीं लग पा रहा है कि जलभराव में उनके किस-किस प्रकार से दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा है। टांगरी नदी का पानी फैक्टरियों में ही नहीं बल्कि उनके कार्यालयों में भी घुस गया था, जिससे कार्यालय में रखे दस्तावेज और कंप्यूटर खराब हो गए थे, वहीं दूसरी तरफ औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कुछ इकाइयों ने अपनी मशीनों को ठीक करा लिया और उत्पादन भी शुरू कर दिया है। इसमें कृषि यंत्र बनाने वाली कंपनियां शामिल हैं।
औने-पौने दामों में ठीक कराया
हरियाणा चेम्बर ऑफ कॉमर्स अंबाला चैप्टर के प्रेसीडेंट डॉ. आशावंत ने बताया कि दस्तावेजाें के खराब होने की एफआईआर करा दी है। पुलिस ने सत्यापन का कार्य भी कर लिया है। कुछ उद्योग संचालकों ने औने-पौने दामों पर मैकेनिकों को बाहर से बुलाकर अपनी खराब मशीनों को ठीक कराया है, पर अभी भी एक बड़ा वर्ग ऐसा बचा है, जिनकी फैक्टरियों में मशीनें खराब है। वह धीरे-धीरे मशीनों को ठीक करा रहे हैं। कुछ ही फैक्टरियों में उत्पादन शुरू हुआ है मगर पूरी तरह से काम अभी शुरू होने में समय लगेगा।
क्षेत्र में नहीं गई अभी दुर्गंध
औद्योगिक क्षेत्र में अभी भी दुर्गंध आ रही है, इसके कारण उद्योग संचालक काफी परेशान हैं। गत्तों की फैक्टरी में अभी तक सफाई नहीं हो सकी है। ऐसे में कारोबारी काफी परेशान हैं। पानी में गलकर गत्ता चीचड़ बन गया है। कारोबारियों की मांग है कि औद्योगिक क्षेत्र की एक बार अच्छे से सफाई कराई जाए, जिससे गंदगी व बदबू की समस्या दूर हो सके।