अंबाला। भारत विकास परिषद विवेक शाखा ने अपना राष्ट्रीय प्रकल्प, राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय फारुखा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया। इसमें नगर के नौ विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। परिषद की ओर से देश प्रेम से ओतप्रोत यह प्रतियोगिता प्रतिवर्ष संस्कृत व हिंदी भाषा में आयोजित की जाती है। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भारतीय पब्लिक स्कूल ने, द्वितीय स्थान पर एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल और तृतीय स्थान आसाराम पब्लिक स्कूल की टीम ने प्राप्त किया। प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली टीम आगामी 26 अक्तूबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर शाखा का प्रतिनिधित्व करेगी। कार्यक्रम में मंच का संचालन सचिव डॉ. मदन सिंह, कंवल भनोट व प्रकल्प प्रभारी सुरेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा उपस्थित रहे, उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में सरदार केपी सिंह प्राचार्य फारूखा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल भी उपस्थित रहे ।