घनी आबादी से सटे इंडियन ऑयल डिपो को शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। जल्द ही दूसरी औपचारिकताएं पूरी कर डिपो को आबादी से बाहर कर दिया गया जाएगा। शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को नगर परिषद के ईओ विनोद नेहरा ने मामले पर स्टेट्स रिपोर्ट दी। रविवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट कहा गया कि जायज शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई हो।
सफाई व सड़कों पर पैचवर्क के भी आदेश
गृहमंत्री ने ईओ विनोद नेहरा से कैंट में सड़कों के पैचवर्क, स्ट्रीट लाइटों तथा सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने भी आदेश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की बैकअप टीम गठित किए जाने के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई कि वे कैंट में सड़कों के पैचवर्क कार्य का जायजा लेकर उन्हें भी पूरी जानकारी मुहैया करवाई जाए। सभी खुली ड्रेनों को ढकने को लेकर बनाई जा रही व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने के भी आदेश दिए गए। साथ ही स्ट्रॉम वाटर को पाइपों के माध्यम से उसके पर भी तुरंत कदम उठाने की बात कही। सभी स्थायी व अस्थायी कर्मचारियों की बॉयोमेट्रिक हाजिरी लगाने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने ईओ को यह भी कहा कि वे इन कार्यो का कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
इन लोगों ने भी लगाई इंसाफ की गुहार
करनाल जिले के गांव स्टोंडी के अनिल कुमार ने अपने भाई की मौत के मामले में पुलिस द्वारा मुख्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने की शिकायत दी। नूहं के सिराजूद्दीन ने गांव मेगंली के कई लोगों द्वारा उसके घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ करने व पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की। यमुनानगर के गांव हैबतपुर खेड़ा गांव के बुजुर्ग व्यक्ति वीर सिंह ने धोखाधड़ी के माध्यम से उसकी जमीन हड़पने की शिकायत दी। कुरुक्षेत्र के लौटनी वासी जयराम व प्रेम चन्द ने आयुष्मान कार्ड बनवाने बारे, पानीपत के आर्य नगर वासी टेक राम दहिया ने पिछले कई वर्षों से एक सरगना व उसके अन्य साथियों द्वारा जाली शैक्षणिक व जाति प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में तीन बार एफआईआर दर्ज होने पर भी पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। सुल्तानपुर के हरबंस ने फैक्ट्ररी मालिक द्वारा उसके साथ हुई दुर्घटना के बाद आर्थिक सहायता के रूप में राशि न देने बारे, करनाल के विक्रम बजाज ने एक मामले में पुलिस द्वारा उसी पर मुकदमा दर्ज कर जबरन समझौता करने व पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। खानपुर दुबली के हरमेश सिंह द्वारा बिजली विभाग के एसडीओ द्वारा अभद्र व्यवहार करने बारे व गोबिन्द नगर के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के ईलाज के लिए भी गृहमंत्री से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। मंत्री ने अधिकारियों को सभी समस्याओं के समाधान के आदेश दिए हैं। इस मौके पर डीएसपी रामकुमार, ललित चौधरी, ललता प्रसाद, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।