अंबाला सिटी। परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) के डाटा में खुलासा हुआ है। सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों को एक डाटा भेजा है, जिसमें हजारों लोगों ने फैमिली आईडी में कोई आय ही नहीं दिखा रखी है।
इस डाटा को देखने के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। डाटा पर गौर करें तो सबसे अधिक फरीदाबाद (5400) और गुरुग्राम (4100) से ऐसे लोग सामने आए हैं जिन्होंने अपनी आय को शून्य दिखाया। वहीं, अंबाला में करी 2800 ऐसी आईडी मिली हैं जिनमें लोगों की आय शून्य है।
आय शून्य होने की जानकारी प्राप्त होते ही प्रशासन ने फील्ड में अपनी टीम उतारकर जांच करानी शुरू कर दी है, क्योंकि आज के समय में शून्य आय वाले तो मुश्किल से ही लोग मिलेंगे। ऐसे में प्रत्येक जिले के क्रिड विभाग की टीमें अब इस डाटा को सत्यापित कर रही हैं।
डाटा सामने आते ही दिखाई आय
इस डाटा के सामने आने के बाद ही जब प्रशासन ने मामले की जांच कराई तो लोग खुद ही अपनी आय दिखाने लगे हैं। अंबाला में 2800 फैमिली आईडी में परिवार की आय शून्य थी। जिसमें से अभी तक करीब एक हजार से अधिक लोगों ने अपनी आय को दिखा दिया है। बाकी अन्य के पास भी किसी प्रकार से विभाग पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
जांच में इस प्रकार के निकल रहे मामले
पहला मामला
साहा की एक फैमिली आईडी की जब क्रिड की टीम ने जांच की तो पता चला कि माता पिता बाहर काम करते हैं। जबकि उनके दो बच्चे अंबाला में परिवार के पास रहते हैं। ऐसे में इन बच्चों की आईडी माता पिता के साथ जुड़ी ही नहीं है। न ही जिस के पास अभी रह रहे हैं उनके साथ भी नहीं जुड़ी है। ऐसे में प्रशासन ने माता पिता या चाचा के साथ आईडी जोड़ी है। इससे बच्चों की फैमिली आईडी में आय शून्य होना समाप्त हो जाएगा।
दूसरा मामला
कई मामले पेंशन से जुड़े देखने को भी मिल रहे हैं। अंबाला शहर में एक व्यक्ति से जुड़ा मामला आया जिसमें वह बुढापा पेंशन लेेते थे। जब फैमिली आईडी बनवाई तो उसमें बुढ़ापा पेंशन से मिलने वाली आय को नहीं जोड़ा। ऐसे में अब जब उन्हें जानकारी मिली कि किसी भी प्रकार की आय की जानकारी देनी अनिवार्य है तो उन्होंने अब इसकी जानकारी देकर अपनी आय शून्य से बढ़वा ली है।
तीसरा मामला
फैमिली आईडी में जब तक पति थे तो महिला की आय भी दिखा रही थी। मगर जब पति का देहांत हो गया तो महिला की आय शून्य हो गई। अब महिला जिस स्रोत से आय करती हैं उसे उन्होंने अपडेट ही नहीं कराया। ऐसे केस भी विभाग के सामने आ रहे हैं।
वर्जन
लोग अपनी फैमिली आईडी को चेक कर लें। जिनकी आय शून्य है वह अपनी आय की जानकारी अपडेट कराएं, जिनकी आय शून्य आई है उन लोगों ने फोन व फील्ड टीम के माध्यम से संपर्क भी किया जा रहा है। ऐसे लोग सीएससी सेंटर या ब्लॉक पर जाकर आईडी को अपडेट करा सकते हैं।
-ब्रह्मजीत सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त