संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। डीजीपी ओपी सिंह के साहा थाने में बुधवार देर रात को किए गए औचक निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत भी एक्शन में नजर आए। डीजीपी के जाने के बाद रात 1 बजकर 30 मिनट पर साहा से अंबाला कैंट तक एसपी ने सभी नाकों व डायल-112 यानी इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) का जायजा लिया।
जैसे ही एसपी अंबाला कैंट के फुटबॉल चौक पर पहुंची तो उन्होंने यहां ईआरवी को जांचा। पहले तो तीन की जगह ईआरवी पर दो ही मुलाजिम मिले। जब कंट्रोल रूम से पता किया तो प्रभारी गाड़ी पर होने की जगह नदारद पाए गए। ऐसे में पुलिस अधीक्षक ईआरवी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। उसके उपरांत मोहड़ा, अंबाला कैंट बस स्टैंड सहित पांच जगह पर खड़ी ईआरवी का जायजा लिया। साथ ही सभी मुलाजिमों को रात के समय अलर्ट रहने व कोई बड़ी वारदात होने पर तुरंत संबंधित थाना प्रभारी आदि को जानकारी देने के लिए बोला।
डीजीपी के समक्ष 10 मिनट बाद थाना प्रभारी तो आधे घंटे बाद पहुंचे एसपी : यमुनानगर व कुरुक्षेत्र के बाद डीजीपी अंबाला के साहा थाने का निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें थाने में छोटा मुंशी सहित दो मुलाजिम मिले। थाना प्रभारी के बारे में पूछने पर मुलाजिम ने बताया कि वो गश्त पर है। करीब 10 मिनट के बाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कर्मवीर सिंह गश्त से पहुंचे। पहले मुंशी से थाने में आने वाले सूचना के बारे में पूछा कि वो क्या करते हैं। बाकायदा डीजीपी ने उनकी वीडियो को खुद के फोन में रिकॉर्ड भी किया।
फिर थाना प्रभारी के आते ही कार्यप्रणाली के बारे में पूछा। निर्देश दिए कि वह अपने आसपास के थाना प्रभारियों से संपर्क करके करें, असलाह संग रखे। पूछा कि वह वारदात होने पर सबसे पहले किस सीनियर को जानकारी देते हैं। इसी बीच आधे घंटे के भीतर अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत अंबाला कैंट से साहा थाने में पहुंचे। इस बीच डीजीपी के समक्ष एक आवारा कुत्ता भी थाने में बैठा दिखाई दिया जिसे मुलाजिमों ने डंडे से भगाया। आसपास के थानों से संपर्क बनाए रखने के दिए निर्देश।