कोरोना वायरस की वजह से अभी देशभर में लॉकडाउन की मियाद 31 मई तक है। सीजन होने की वजह से लॉकडाउन-4 में केंद्र सरकार ने कुछ शर्तों के साथ शादी समारोह की परमिशन दी है। ऐसे में आर्थिक संकट से जूझ रहे रिजॉर्ट और मैरिज पैलेस मालिक भी शादियों के लिए बेहद सस्ते वेडिंग पैकेज दे रहे हैं। नो बैंड नो बारात के आधार पर मिल रहे पैकेज में शादी के कार्ड से लेकर मास्क-सैनिटाइजर तक उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। पैकेज में 50 लोगों के शाकाहारी खाने की भी व्यवस्था है। पहले एक शादी समारोह के लिए लाखों रुपये लेने वाले मैरिज पैलेस मालिक अब एक से सवा लाख रुपये में ये सुविधा उपलब्ध करवा रहे हैं।
मेहंदी आर्टिस्ट व फोटोग्राफर भी होंगे उपलब्ध : लॉकडाउन की वजह से ज्यादातर मैरिज पैलेस व रिजॉर्ट आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। लॉकडाउन-4 में केंद्र सरकार ने कुछ रियायतें देकर इनके मालिकों को कुछ राहत दी है ताकि कारोबार पर छाए संकट को दूर किया जा सके। ज्यादातर पैलेस मालिक अब शादी के लिए कार्ड से लेकर फोटोग्राफर व मेहंदी आर्टिस्ट भी उपलब्ध करवा रहे हैं। पैकेज में दूल्हन की कार की सजावट के साथ मंडप व मैरिज पैलेस के एंट्रेस की सजावट भी शामिल है। दूल्हा-दुल्हन के लिए केक और नाचने के लिए डीजे सिस्टम भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
50 एमएल का सैनिटाइजर और फेस मास्क भी पैकेज का हिस्सा: शादी में आने वाले सभी 50 बारातियों की मैरिज पैलेस में एंट्री से पहले थर्मल स्क्रीनिंग करवाई जाएगी। फिर हर बाराती को फ्री में 50 एमएल का सैनिटाइजर व फेस मास्क भी दिया जाएगा। एंट्री से पहले हर बाराती के हाथों को सैनिटाइज भी करवाया जाएगा। इसके बाद सभी बाराती सोशल डिस्टेंसिंग के जरिए शादी समारोह का पूरा लुत्फ उठा सकते हैं। उन्हें डीजे पर नाचने की भी पूरी इजाजत मिलेगी। केंद्र सरकार की हिदायतों के आधार पर सभी मैरिज पैलेस में ये व्यवस्थाएं बारातियों को मिलेंगी।
पहले लाखों होते थे खर्च, अब सवा लाख में होगी शादी : शादी समारोह के लिए जो मैरिज पैलेस पहले लाखों रुपये लेते थे। अब 50 बारातियों के साथ यहां एक से सवा लाख रुपये में शादी हो जाएगी। कई मैरिज पैलेस मालिकों ने भी एक से सवा लाख रुपये के बीच में सारी व्यवस्थाएं करने का ऑफर दे रहे हैं। यह वेडिंग पैकेज उन मध्यवर्गीय परिवारों के लिए बेहद अच्छा है जोकि अच्छे मैरिज पैलेसे में केवल अपने बच्चों की शादी का सपना देख सकते थे। मगर अब यह सपना साकार हो सकता है।