संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी में दूसरी मोहिंदर सिंह मेमोरियल अंडर-14 (बॉयज) फुटबॉल लीग के तहत रविवार को तीन मुकाबले खेले गए। पहले मैच में केवी नंबर-दो ने केवी नंबर-एक को 1-0 से हराया। वहीं, दूसरे मैच में एमएमआइएस स्कूल और एनसीआर फुटबॉल अकादमी के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा।
इसी तरह से तीसरा मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल और एनसीआर के बीच खेला गया जो ड्राॅ रहा। यह प्रतियोगिता फुटबॉल लवर्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित करवाई जा रही है। इसमें केवी नंबर-एक और केवी नंबर-दाे स्कूल के बीच मैच खेला गया, जिसमें उतार-चढ़ाव भरे संघर्षपूर्ण मुकाबले में केवी नंबर-दो की टीम ने 1-0 से शानदार जीत दर्ज की। केवी नंबर-दो के खिलाड़ी अकुल ने दूसरे हाफ के 34वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दागा, जिसके बाद केवी नंबर-एक की टीम तमाम कोशिशों के बावजूद स्कोर बराबर नहीं कर पाई।
इस अवसर पर सोसायटी के उपाध्यक्ष गुर कृपाल सिंह, अशोक शर्मा, सेवानिवृत्त साई कोच परमजीत सिंह, अमित कुमार, अशोक पांडे, मानव रतन, सेवानिवृत्त साई कोच राजिंदर कुमार, सुखविंदर सिंह (काका), गुरु दत्त यादव और मक्कन नाटा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
-
बराबरी पर छूटा मैच
दूसरा मुकाबला एमएमआइएस स्कूल और एनसीआर फुटबॉल अकादमी के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने कम उम्र में बेहतरीन तकनीक का परिचय दिया, लेकिन मध्यांतर तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। हालांकि दूसरे हाफ में एमएमआइएस स्कूल को गोल करने के दो बेहतरीन मौके मिले, लेकिन खिलाड़ी फायदा उठाने से चूक गए और यह मुकाबला गोल रहित बराबरी पर छूटा।
-
तीसरा मैच रहा ड्रॉ
तीसरा और अंतिम मुकाबला आर्मी पब्लिक स्कूल और एनसीआर के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ आक्रमण जारी रखा, लेकिन कड़े मुकाबले में कोई भी टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई, जिससे यह मैच भी गोल रहित ड्रॉ रहा। प्रतियोगिता के बाकी बचे मैच अगले सप्ताह खेले जाएंगे।