13 साल से फर्जी तरीके से मेडिकल प्रेक्टिस कर रहे कलरहेड़ी के फर्जी चिकित्सक का ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है। विभाग की टीम 15 दिन से इस कथित चिकित्सक को ट्रेस कर रही थी। मौका मिलते ही कार्रवाई की। गर्भपात की दवाओं सहित कई अन्य दवाएं क्लीनिक से बरामद हुई हैं। कथित चिकित्सक मौके से फरार है। इस दौरान डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. बीबी लाला, ड्रग कंट्रोलर हेमंत ग्रोवर सहित कई अन्य मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार ड्रग कंट्रोल विभाग को सूचना मिली थी कि कलरहेड़ी निवासी जगतार सिंह गांव सलारहेड़ी में 13 साल से फर्जी तरीके से मेडिकल प्रेक्टिस कर रहा है। साथ ही गर्भपात की दवाएं भी रखता है, जबकि उसके पास कोई मेडिकल डिग्री भी नहीं है। ड्रग विभाग ने इस कथित फर्जी चिकित्सक पर निगाह रखनी शुरू कर दी। करीब 15 दिन तक चिकित्सक पर नजर रखी और सोमवार को उसके क्लीनिक पर छापा मारा। जैसे ही विभाग की टीम ने छापा मारा, तो वहां मौजूद चिकित्सक भी हैरान रह गया।
क्लीनिक में मौजूद मरीज भी मौके से खिसक लिए। इसके बाद विभाग की टीम ने चिकित्सक से पूछताछ शुरू कर दी, लेकिन यह कथित चिकित्सक कोई जवाब नहीं दे पाया। उससे मेडिकल डिग्री भी मांगी लेकिन वह उसे दिखा नहीं सका। इसी दौरान मौका पाकर चिकित्सक क्लीनिक से फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।