संवाद न्यूज एजेंसी
साहा। पुलिस ने देसी शराब की अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्टरी साहा के खेतों में बने एक फार्म हाउस में चलाई जा रही थी। यहां तैयार शराब दूसरे राज्यों में भी सप्लाई की जा रही थी। पुलिस ने मौके से शराब बनाने की मशीन व अन्य सामान को जब्त कर चार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कमला ऑयल फैक्टरी के साथ कमरों में अवैध शराब का निर्माण हो रहा है। उगाला निवासी अंकित अपने अन्य साथी मुज्जफरपुर निवासी अंकित, अरविंद व अंकुर अवैध शराब का निर्माण कर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने आबकारी विभाग को सूचना दी और फैक्टरी पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने तीन लड़कों को मौके पर धर दबोचा।
साथ ही नकली शराब बनाने में प्रयोग होने वाले इलेक्ट्रानिक ढक्कन सिलिंग मशीन, हैडलिंग ढक्कन सिलिंग मशीन, इलेक्ट्रानिक ढक्कन लेमिनेशन पैंकिग मशीन, एक डीएम वाटर मिनी प्लांट मशीन, 6 ड्रम के साथ, 15 ड्रम में 2700 लीटर केमिकल, 25 खाली ड्रम, 115 पेटी ताजा माल्टा नकली शराब, 6 ड्रम में 1050 लीटर तैयार शराब, 50 पेटी में 600 बोतल फिनाइल, 300 गत्ता खाली पेटी बा रंग खाकी जिस पर अंग्रेजी में ओसिस लिखा हुआ है, लेवल मार्का ताजा माल्टा 13,500 रुपये, 500 लेवल रसीला संतरा, खाली बोतल प्लास्टिक 6250 रुपये कीमत, खाली ढक्कन से आधा भरा बोरा, 8680 होलोग्राम बोतल, 2 कैनी प्रति 5 लीटर फ्लेवर केमिकल, प्लास्टिक ड्रम केमिकल कैरेमल करीब 10 किलो, 1 हाईड्रो मीटर, 2 कीप, 1 बैच नंबर मोहर, 4800 रुपये के प्लास्टिक ढक्कन, रैपर बरामद हुए।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले भी पुलिस साहा में ही करीब एक माह पहले एक अन्य नकली शराब की फैक्टरी का मार्च माह में भंडाफोड़ कर चुकी है। डीटीसी आलोक पासी ने बताया कि यह कार्रवाई रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे शुरू की गई थी और देर रात करीब 12 बजे तक चली।