अंबाला छावनी के बोह गांव में अनधिकृत निर्माण को तोड़ती जेसीबी। संवाद
अंबाला। नगर परिषद की टीम ने छावनी के बोह गांव में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। परिषद ने बिना अनुमति के किए जा रहे निर्माण कार्य को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिकारी और पुलिस मौके पर मौजूद रही।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि संबंधित व्यक्ति की ओ से बोह गांव में नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य किया जा रहा था। नगर परिषद द्वारा अवैध निर्माण को लेकर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था लेकिन कई बार मौका देने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
अवैध निर्माण को ध्वस्त करने पहुंची टीम ने स्पष्ट किया है कि नगर परिषद की अनुमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण कार्य करना गैरकानूनी है। टीम ने चेतावनी दी है कि यदि संबंधित व्यक्ति ने दोबारा वहां अवैध निर्माण करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी। संवाद