मुलाना में दो मंजिला मकान को तोड़ती जेसीबी। संवाद
मुलाना। क्षेत्र में भूमाफिया के खिलाफ जिला योजनाकार विभाग ने शुक्रवार सुबह अचानक दस्तक दी और ताबड़-तोड़ कई कॉलोनियों में जेसीबी चलवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। जिला योजनाकार रोहित चौहान खुद विभागीय टीम और भारी पुलिस बल के साथ एमएम यूनिवर्सिटी जाने वाले रोड पर पहुंचे, यहां उन्होंने खेतों में काटी गई कॉलोनी पर कार्रवाई की। जेसीबी ने इस कॉलोनी में जहां गलियों को उखाड़ा, वहीं निर्माण के लिए भरी गई नींवों को भी ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पूरा अमला एमएमयू से सरकपुर रोड पर पहुंचा और यहां भी तीन जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे काटी गई कॉलोनी में कार्रवाई की।
इस दौरान कॉलोनी की चारदीवारी को तोड़ दिया और नींवों को उखाड़ दिया गया। इसके अलावा सड़क पर लगी इंटरलॉकिंग टाइल्स को भी उखाड़ दिया। इसके अलावा बड़ी कार्रवाई इस कॉलोनी में बनी दो मंजिला इमारतों पर भी की गई। जेसीबी द्वारा इन दोनों इमारतों में तोड़फोड़ की। करीब एक घंटे तक इस कॉलोनी में कार्रवाई के बाद टीम फिर से एमएमयू-मुलाना रोड पर पहुंची और यहां एक कॉलोनी में नींवों को उखाड़ दिया, वहीं गलियों को भी खोद डाला, हालांकि इतनी बड़ी कार्रवाई और इतनी भारी संख्या में टीम को देखकर कॉलोनी बनाने वाले लोग भी कुछ बोल नहीं पाए। विभाग ने यह कार्रवाई दिनभर जारी रखी, वहीं मुख्य मार्ग पर भी कॉलोनियों में विभाग द्वारा कार्रवाई की गई।
डीटीपी रोहित चौहान ने कहा कि क्षेत्र में भूमाफिया काफी सक्रिय है। धड़ल्ले से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं और अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा इन पर नकेल कसी जा रही है और आगे भी अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वह अनधिकृत कॉलोनियों में प्लाट लेकर अपना पैसा बर्बाद न करें। वे सस्ते प्लॉट के झांसे में न आएं और निवेश से पहले विभाग से जमीन की वैधानिकता की जांच अवश्य कर लें।
मुलाना में दो मंजिला मकान को तोड़ती जेसीबी। संवाद
मुलाना में दो मंजिला मकान को तोड़ती जेसीबी। संवाद
मुलाना में दो मंजिला मकान को तोड़ती जेसीबी। संवाद