- अंबाला रेंज के कुरुक्षेत्र, यमुनानगर व अंबाला की पुलिस कंपनियों की ड्रिल का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा राज्य अपराध शाखा के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य ने सोमवार को अंबाला का दौरा किया। इस दौरान अंबाला रेंज से जुड़े कुरुक्षेत्र, यमुनानगर व अंबाला के जवानों की विशेष कंपनियों की ड्रिल का जायजा लिया। आईजीपी ने अंबाला सिटी के पुलिस लाइन मैदान में सुरक्षा व व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए जवानों से एंटी रायट गन व टियर गैस यानी आंसू गैस के गोले फेंकवाकर उनकी क्षमता को परखा।
उन्होंने ड्रिल अभ्यास पर जोर देते हुए कहा कि लगातार अभ्यास ही जवानों को विषम परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार करता है। ड्रिल के उपरांत अधिकारियों की मीटिंग में जरूरी दिशा निर्देश दिए। करीब ढाई घंटे तक वह अंबाला में रहे। उनके अलावा अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन व अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एएसपी उत्तम शामिल रहे।
सीसीटीवी नेटवर्क व नाइट डोमिनेशन पर जोर
निरीक्षण के बाद एसपी कार्यालय में आयोजित बैठक में आईजीपी राकेश कुमार आर्य ने अपराध नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज का युग तकनीक का है, इसलिए अपराधियों की पहचान के लिए शहर के हर महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने सीलिंग प्लान के तहत प्रभावी नाकाबंदी व रात्रि गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए ताकि अपराधियों की आवाजाही पर लगाम लग सके। आईजीपी राकेश कुमार आर्य ने संदेश दिया कि हरियाणा पुलिस हर प्रकार की चुनौती व अपराध से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने जवानों को प्रेरित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास ही पुलिस को विषम परिस्थितियों के लिए तैयार बनाता है।
बिछड़ों को परिवार से मिलाना प्राथमिकता
बैठक में आईजीपी राकेश आर्य ने मानवीय पहलुओं पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस पूरी मेहनत करें। बिछड़े हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलवाना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाने व ईमानदारी से ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया।